महाराष्ट्र से दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है। यहां नवी मुंबई में साइकिल चलाते समय इंटेल इंडिया के पूर्व कंट्री हेड अवतार सैनी को तेज रफ्तार कैब ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद 68 साल के सैनी को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वे बुधवार सुबर लगभग 5.50 बजे अपने दोस्तों के साथ साइकिलिंग कर रहे थे। वे अक्सर अपने दोस्तों के साथ शौकिया तौर पर साइकिल सवारी पर निकलते थे। तभी नेरुल में पाम बीच रोड पर एक कैब ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। वे चेंबूर के रहने वाले थे।

दोस्तों के साथ साइकिल चला रहे थे सैनी

हादसे पर एक अधिकारी ने बताया कि हादसा बुधवार सुबह करीब 5.50 बजे उस वक्त हुआ जब सैनी नेरुल इलाके में पाम बीच रोड पर दोस्तों के साथ साइकिल चला रहे थे। अधिकारी ने आगे बताया कि तेज रफ्तार कैब ने सैनी की साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर मारन के बाद कैब ड्राइवर वहां से भाग गया। अधिकारी ने आगे कहा कि घटना में सैनी घायल हो गए। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पेंटियम प्रोसेसर का तैयार किया था डिजाइन

बता दें कि सैनी को ‘इंटेल 386’ और ‘486 माइक्रोप्रोसेसर’ की कार्यप्रणाली पर काम करने के लिए जाना जाता है। उन्होंने कंपनी के ‘पेंटियम प्रोसेसर’ का डिज़ाइन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस ने कैब चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।