Sambit Patra: छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में राहुल गांधी की तरफ से लगाए गए आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि डोकलाम के समय जब हमारे जवान अड़े हुए थे, तब यह गांधी परिवार चीनी अधिकारियों से मिल रहा था। 2008 में सोनिया और राहुल ने चीन जाकर शी जिनपिंग के साथ जो करार किया था वो भी हमने देखा है। पात्रा ने कहा कि राजीव गांधी फाउंडेशन… जोकि इनके परिवार का फाउंडेशन उसमें करोड़ों रुपये का चंदा चीन से लिया गया है।
संबित पात्रा ने कहा कि कौन कमजोर है और कौन शक्तिशाली है ये राहुल गांधी बताना बंद करें। जहां तक भारत की संप्रभुता का विषय है आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत एक सक्षम देश है, जिसमें सेना को ‘फ्री हैंड’ है। उन्होंने कहा कि आज विश्व जानता है कि भारत की क्षमता क्या है। राहुल जी, आपको भारत की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है आप अभी भारत को और जानिए।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जहां तक जिम्मेदारी का सवाल है… गांधी परिवार का एक ही Motto है- Power Without Responsibility। जिम्मेदारी लेंगे नहीं लेकिन सत्ता चाहिए। इस अधिवेशन में भी कमल की पंखुड़ियां बिछाई जा रही हैं ताकि गांधी परिवार इन पर चल सके।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस देश को जानने के लिए 52 साल बाद एक छोटी सी यात्रा की जबकि हमारे नेताओं ने जीवन की शुरुआत में ही अपने घर को छोड़ा। प्रचारक के रूप में उन्होंने देश को समझा और जाना… हमारे दोनों प्रधानमंत्री प्रचारक रहे।
विश्व आज हिंदुस्तान को ‘ब्राइट स्पॉट’ कह रहा: संबित पात्रा
संबित पात्रा ने कहा कि आज अगर कश्मीर में लोगों ने तिरंगा अपने हाथ में उठाया हुआ है, लाल चौक पर तिरंगा है तो इसका कारण है सुशासन…जोकि केंद्र की मोदी सरकार ने दिया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ पूरा विश्व आज हिंदुस्तान को ‘ब्राइट स्पॉट’ कहने में लगा है वहीं कांग्रेस पार्टी ‘हिंदुस्तान बर्बाद हो गया है’ जैसे विषयों को अपने भाषणों में स्थान दे रही है।
‘राहुल गांधी को चिंतन करने की जरूरत’
उन्होंने कहा कि जिस जम्मू-कश्मीर में कोई तिरंगा नहीं लहराता, आर्टिकल-370 को छू कर दिखाओ। ऐसे बयान कांग्रेस के नेता और उनके सहयोगी देते थे। आज अगर उसी कश्मीर में कांग्रेस को हजारों हजार तिरंगे दिख रहे हैं तो इसके पीछे क्या कारण है, इसका चिंतन राहुल गांधी जी को करना चाहिए।