महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस आज इंडियन एक्सप्रेस समूह के कार्यक्रम ‘एक्सप्रेस अड्डा’ के मंच पर मुख्य मेहमान होंगे। 2024 के लोकसभा आम चुनावों में बीजेपी की करारी हार के छह महीने बाद ही महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में उल्लेखनीय जीत के वह सूत्रधार बने थे। इसमें बीजेपी और उसके सहयोगियों ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया था और पार्टी अपने दम पर बहुमत के करीब पहुंच गई।
जून 2022 में महा विकास अघाड़ी से सत्ता छीनने की बीजेपी की रणनीति के केंद्र में रहे फडणवीस ने पिछले 35 महीनों में पार्टी को मजबूत किया है और मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में अपने पहले मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान शुरू की गई कई बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति और पूर्णता सुनिश्चित की है।
‘विकसित भारत 2047’ के मिशन में उनका विजन साफ दिखता है
दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाले 21 किलोमीटर लंबे समुद्री पुल ‘अटल सेतु’ से लेकर मरीन ड्राइव को सी-लिंक और समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली तटीय सड़क तक मुख्यमंत्री फडणवीस का विजन उनके ‘विकसित भारत 2047’ के मिशन के अनुरूप है, जो महाराष्ट्र को इस लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार करता है।
फडणवीस बुधवार को मुंबई में एक्सप्रेस अड्डा में मेहमान होंगे। वह द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के कार्यकारी निदेशक अनंत गोयनका और द इंडियन एक्सप्रेस की नेशनल ओपिनियन एडिटर वंदिता मिश्रा के साथ बातचीत करेंगे।
25 वर्षों से अधिक लंबे शानदार राजनीतिक करियर के साथ, फडणवीस ने नागपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में अपनी यात्रा शुरू की थी। वह देश के दूसरे सबसे युवा मेयर बने। 1999 से लगातार छह बार विधायक चुने गए फडणवीस अपने भाषण कौशल के लिए हमेशा एक अलग पहचान रखते रहे हैं। अप्रैल 2013 में उन्होंने महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष का पद संभाला और 2014 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को जीत दिलाकर पहली बार मुख्यमंत्री बने। उन्होंने इस पद पर पूरे पांच वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया।
अहिल्याबाई होल्कर पर कार्यक्रमों से हिंदुत्व की राजनीति पर मजबूती से कदम बढ़ा रही BJP?
2019 के चुनाव के बाद की राजनीतिक घटनाओं ने फडणवीस के लिए एक बड़ा झटका साबित किया, जब उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने बीजेपी से नाता तोड़कर कांग्रेस और एनसीपी के साथ सरकार बना ली। 2022 में वे एकनाथ शिंदे सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में सत्ता में लौटे।
2024 का लोकसभा चुनाव बीजेपी के लिए एक और झटका रहा, जब पार्टी ने 28 सीटों पर चुनाव लड़कर केवल नौ सीटें जीतीं। जब उनके नेतृत्व पर सवाल उठे, तो फडणवीस ने फिर से वापसी करते हुए छह महीने के भीतर विधानसभा चुनावों में पार्टी की किस्मत पलट दी। 5 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से उन्होंने प्रशासन में अधिक जवाबदेही और पारदर्शिता लाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार और नीतिगत पहल की हैं।
एक्सप्रेस अड्डा, इंडियन एक्सप्रेस समूह द्वारा आयोजित अनौपचारिक बातचीत की एक विशेष श्रृंखला है, जिसमें समाज, राजनीति, अर्थव्यवस्था और संस्कृति में परिवर्तन के केंद्र में मौजूद शख्सियतों को आमंत्रित किया जाता है। अड्डे के पूर्व मेहमानों में नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, परम पावन दलाई लामा, परोपकारी बिल गेट्स, अभिनेता पंकज त्रिपाठी और तब्बू, ऑन्कोलॉजिस्ट और लेखक सिद्धार्थ मुखर्जी, संगीतकार टी. एम. कृष्णा, पारिस्थितिकीविद् रोमुलस व्हिटेकर और लेखक विलियम डेलरिम्पल शामिल हैं।