Delhi Traffic Police: अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ अब आरपार के मूड में दिख रही है। इसको लेकर आम आदमी पार्टी केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आज रामलीला मैदान में महारैली करने जा रही है। आम आदमी पार्टी ने रैली में संविधान बचाने को लेकर बड़ी संख्या में लोगों से रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की है। पार्टी ने दावा किया है कि ‘महा रैली’ में एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आप संयोजक ने भाजपा के नेतृत्व वाले केंद्र पर “अधिकार छीनने” का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र पर भी हमला किया जा रहा है।

अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ट्वीट करते हुए लिखा, ‘दिल्ली की जनता के अधिकारों को छीनने वाले केंद्र सरकार के तानाशाही अध्यादेश के ख़िलाफ़ कल दिल्ली के लोग रामलीला मैदान में एकजुट होंगे। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए हो रही इस महारैली में आप भी ज़रूर आएं।’

इसी रामलीला मैदान से 2012 में केजरीवाल ने भरी थी हुंकार

बता दें, यह वही रामलीला मैदान है, जहां 2012 में अन्ना हजारे और केजरीवाल ने भ्रष्टाचार विरोध आंदोलन किया था। आम आदमी पार्टी का गठन भी उसी साल नवंबर में हुआ था। आप ने 2013 में विधानसभा चुनाव लड़ा और कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई। हालांकि, केजरीवाल ने 49 दिनों के भीतर इस्तीफा दे दिया। 2015 में जब शहर में फिर से मतदान हुआ आम आदमी पार्टी राज्य की 70 में से 67 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ वापस सत्ता में आई।

केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ रविवार को सुबह 10 बजे शुरू होगा और केजरीवाल के दोपहर में सभा को संबोधित करने की उम्मीद है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी रैली में शामिल होंगे।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाएजरी

महारैली को लेकर दिल्ली में कई जगहों पर ट्रैफिक का दबाव भी रहेगा। इसलिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए ट्रैाफिक एडवायजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस ने कई ऐसी जगहों को चिह्नित किया है, जहां से लोगों को बचने की सलाह दी गई है। दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन रविवार सुबह आठ बजे से लागू हो जाएगा और दोपहर तीन बजे तक लागू रहेगा।

एडवाइजरी के अनुसार, बड़ी संख्या में लोगों के अलावा वीआईपी/वीवीआईपी रामलीला मैदान जाएंगे। इसको लेकर महाराजा रणजीत सिंह मार्ग, मीर दर्द चौक, अजमेरी गेट, जेएलएन मार्ग, भवभूति मार्ग, मिंटो रोड, दिल्ली गेट, कमला मार्केट से हमदर्द चौक और पहाड़गंज चौक की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय निकालकर निकलना पडे़गा। साथ ही लोगों से सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से अपने निजी वाहन को पार्किंग स्थल पर पार्क करने की सलाह दी गई है।