दिल्ली पुलिस ने गीता कॉलोनी फ्लाईओवर इलाके के पास से कई टुकड़ों में कटा हुआ एक महिला का शव बरामद किया है। पुलिस मौके पर मौजूद है। मामले में फिलहाल अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने कहा कि बुधवार को पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास एक महिला के कटे हुए शरीर के हिस्से पाए गए। पुलिस को घटना की जानकारी सुबह करीब नौ बजे मिली। पुलिस के मुताबिक, महिला के शरीर के अंग कई जगह बिखरे हुए थे। जांच पड़ताल जारी है। अभी शव की पहचान नहीं हो पाई है।

Delhi: एक बैग में सर और दूसरे में मिले शरीर के टुकड़े

ज्वाइंट सीपी सेंट्रल रेंज,परमादित्य ने बताया कि गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के नीचे एक शव मिला है। शव 2 पॉलीथीन में है, एक में सर और दूसरे में शरीर के दूसरे टुकड़े हैं। लंबे बालों से लग रहा है कि शव महिला का है। शव विघटित है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी नॉर्थ सागर सिंह कलसी ने बताया कि जमुना खादर इलाके में दो टुकड़ों में कटी हुई बॉडी मिली है। मौके पर एफएसएल और क्राइम टीम पहुंचकर छानबीन कर रही है। शुरुआती जांच में लग रहा है कि मृतक की उम्र 35 से 40 साल के बीच में होगी। उन्होंने कहा कि कोतवाली थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आसपास के इलाकों में भी छानबीन की जा रही है।

श्रद्धा वालकर हत्याकांड से दहल गयी थी दिल्ली

पिछले साल दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में श्रद्धा की हत्या करके टुकड़ों में बांटकर उसे शव को ठिकाने लगा दिया गया था। 27 साल की श्रद्धा वालकर को उसके बॉयफ्रेंड आफताब पूनावाला ने गला घोंटकर मार डाला था। हत्या के बाद आफताब ने लाश के 30 से ज्यादा टुकड़े कर अलग-अलग जगह फेंक दिए थे। आफताब ने श्रद्धा के शव के टुकड़ों को 18 दिन तक ठिकाने लगाया था। उसने कुछ अंग फ्रिज में भी रखे थे। मामला करीब छह महीने बाद खुला जब श्रद्धा के पिता ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। श्रद्धा के प्रेमी आफताब को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल आफताब जेल में है।