मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने वाले सुल्ली डील्स के मास्टरमाइंड ओंकारेश्वर ठाकुर को दिल्ली पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के द्वारा पूछताछ में उसने बताया कि उसे मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने और ट्रोल करने का आइडिया ट्विटर पर बने एक ग्रुप से आया था।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) के डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से सुल्ली डील्स ऐप बनाने के आरोपी ओंकारेश्वर ठाकुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे उसके इंदौर के न्यूयॉर्क सिटी टाउनशिप स्थित घर से गिरफ्तार किया है। उसने आईपीएस अकादमी इंदौर से बीसीए किया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी के सभी गैजेट्स जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
सुल्ली डील्स ऐप बनाने के आरोपी ओंकारेश्वर ठाकुर ने पुलिस के सामने यह कबूल किया कि वह ट्विटर पर एक ट्रेड-ग्रुप का सदस्य था। जहां से उसे मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने और ट्रोल करने का आइडिया आता था। इसके बाद उसने गिटहब पर सुल्ली डील्स एप बनाया। इस ऐप का एक्सेस ग्रुप के सभी मेंबर को दिया गया था और ऐप को ट्विटर पर भी शेयर किया गया था।
दरअसल पिछले साल जुलाई महीने में सुल्ली डील्स नाम के एक ऐप को लेकर दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस ऐप में तकरीबन 80 से ज़्यादा मुस्लिम महिलाओं की तस्वीर, उनके नाम और ट्विटर हैंडल दिए गए थे। कई सामाजिक संगठनों ने इसकी निंदा की थी। हालांकि बाद में इस ऐप को गिटहब से हटा दिया गया था। दिल्ली महिला आयोग ने भी इस मामले में संज्ञान लिया था और दिल्ली पुलिस को नोटिस भेज कर एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा था।
वहीं सुल्ली डील्स की तरह ही मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने के लिए बनाए गए बुल्ली बाई ऐप मामले में भी पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने बुल्ली बाई ऐप के मास्टरमाइंड नीरज बिश्नोई को असम से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मुंबई पुलिस के साइबर सेल ने भी अब तक तीन गिरफ्तारियां की है। मुंबई पुलिस ने मामले में उत्तराखंड से 19 वर्षीय श्वेता सिंह, 21 वर्षीय इंजीनियरिंग के छात्र विशाल झा को बेंगलुरु से और उत्तराखंड से ही एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।