Weather Updates: दिल्ली एनसीआर में सोमवार को बारिश की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। बारिश का कारण लोगों को वायु प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने सोमवार (27 नवंबर) को हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 30 दिसंबर के बाद से दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिर जाएगा।
उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में 1 दिसंबर से उत्तर भारत में ठंड बढ़ जाएगी। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम और अनंतनाग में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर समेत 7 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से लेकर 15 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। वहीं अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से लेकर 27 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। बारिश होने की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। जानकारी के मुताबिक लखनऊ का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
मौसम विभाग की मानें तो 27 नवंबर को पश्चिमी यूपी के अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। इसी तरह पूर्वी यूपी में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। 27 नवंबर से 28 नवंबर सुबह साढ़े 8 बजे तक एक दर्जन से ज्यादा जिलों में बारिश होने की संभावना है। सोमवार को बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और हाथरस में बारिश और बौछार पड़ने की उम्मीद जताई गई है। इसके साथ ही आगरा, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी और प्रयागराज में भी बारिश हो सकती है।