Delhi- NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर को कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया है। शुक्रवार सुबह कई इलाकों में दृष्यता शून्य तक पहुंच गई। घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। विजिबिलिटी कम होने के कारण कोहरे का असर ट्रैफिक पर भी देखने को मिल रहा है, जिस कारण गाड़ियां सड़कों पर रेंगती दिख रही हैं। शुक्रवार को ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे का असर ट्रेनों पर भी पड़ा है। कई ट्रेनें कोहरे के कारण देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने ठंड को लेकर दिल्ली एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में बारिश की भी संभावना है।
नोएडा-गाजियाबाद में घना कोहरा
दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भी घना कोहरा देखने को मिला है। दिल्ली मौसम केंद्र की ओर से आज सुबह, शाम और रात के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए नोएडा, गाजियाबाद और हरियाणा के गुरूग्राम के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को इस सीजन का सबसे ज्यादा कोहरा देखने को मिला है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री व अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आने वाले दिनों में दिल्ली में ठंड और बढ़ सकती है।
6 जनवरी को बारिश की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में अभी ठंड और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने 6 जनवरी को दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि 5 जनवरी को भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो हिमाचल में 4 से 7 जनवरी तक बर्फबारी और 5 और 6 जनवरी को भारी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल के अलावा अलग-अलग इलाकों खासकर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 5 जनवरी को भारी बर्फबारी की उम्मीद है।
पहाड़ों पर जमकर हो रही बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी देखने को मिल रही है। जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 0°C से नीचे रहा। झारखंड के कई हिस्सों में तापमान 4-9°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पूर्वी भारत के कई हिस्सों में 9-14°C तापमान रहा। जनवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम के अलग-अलग इलाकों में जमीनी पाले की स्थिति बनी रहने की संभावना है। आगे पढ़ें- अपने शहर के मौसम का हाल