शुक्रवार को उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में हुई बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी के बाद तापमान एक बार फिर गिर गया है। कश्मीर घाटी के अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को बर्फबारी हुई। श्रीनगर में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। श्रीनगर शहर के कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हुई।

इसके अलावा जम्मू के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। त्रिकुटा पहाड़ियों की चोटी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर (vaishno devi weather) में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई जिसके कारण प्राधिकारियों को यात्रा स्थगित करनी पड़ी।

जम्मू-कश्मीर से सटे पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। शिमला में करीब तीन महीने बाद शुक्रवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। हिमाचल प्रदेश के जिन इलाकों में बर्फबारी हो रही है, उनमें मनाली भी शामिल है।

उत्तराखंड में भी शुक्रवार को मौसम ने लंबे समय बाद करवट ली है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मसूरी, चकराता, धनोल्टी, उत्तरकाशी सहित अनेक जगहों पर हो रही बर्फबारी से सड़कें, पेड़ और मकान सब सफेद चादर में लिपटे नजर आ रहे हैं। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के ज्यादातर निचले इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में भी सुबह से बारिश हो रही है।

मैदानी इलाकों में कैसा रहा मौसम?

देश की राजधानी नई दिल्ली और आसपास के इलाकों के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में शुक्रवार को बारिश होने से लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर खत्म हो गया। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं।

कल कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में शनिवार को हल्की बर्फबारी का अनुमान है। इसके अलावा राज्य में कई जगहों पर बारिश की भी संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में IMD द्वारा हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया गया है। इसी तरह उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा?

शनिवार को दिल्ली एनसीआर में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध रह सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 16 से 18 डिग्री सेल्सियस ​​और 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शनिवार के लिए दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में कल बारिश का अनुमान नहीं है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय कोहरा की स्थिति हो सकती है। राजस्थान के भी कुछ इलाकों में कोहरा का अनुमान है। राज्य के उत्तरी व पश्चिमी भागों में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 27-28 जनवरी को सक्रिय होगा।