Delhi Election/Chunav Results 2020: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी पार्टी रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। नड्डा ने ट्वीट किया, “भाजपा दिल्ली की जनता द्वारा दिये गये जनादेश का सम्मान करती है। सभी कार्यकर्ताओं ने इस चुनाव में अथक परिश्रम किया और दिन रात चुनाव में लगे रहे है। सभी कार्यकर्ताओं का ह्रदय से अभिनंदन और साधुवाद।”

नड्डा ने एक और ट्वीट किया, “भाजपा इस जनादेश को स्वीकारते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और प्रदेश के विकास से जुड़े हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। इस विश्वास के साथ की आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली का विकास करेगी, मैं अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी को बधाई देता हूं।”

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने ट्वीट किया, “दिल्ली के सभी मतदाताओं का धन्यवाद। सभी कार्यकर्ताओ को उनके कठिन परिश्रम के लिए साधुवाद। दिल्ली की जनता का जनादेश सिर माथे पे। अरविंद केजरीवाल को बहुत बहुत बधाई।”

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम पर पूरा कवरेज, दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों के लाइव अपडेट, विश्लेषण, सीटवार र‍िजल्‍ट…सब कुछ Jansatta.com पर।

भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने अरविंद केजरीवाल और दिल्ली चुनाव में जीते सभी विधायकों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि दिल्ली का विकास और नागरिकों का कल्याण सभी के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होगी!”

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, आप की भारी जीत के स्पष्ट संकेत के बीच महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कांग्रेस के वोट अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी के पास चले जाने को भाजपा की हार के लिए जिम्मेदार ठहराया। पाटिल ने दावा किया, ‘‘ पूरी दिल्ली एक समय कांग्रेस के हाथों में थी जब उसकी वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित के हाथों में कमान थी। कांग्रेस ने भाजपा को हराने के लिए चुनाव से महज चार दिन पहले अपने वोट आप को दे दिये।’’

पाटिल ने कहा कि पूरे देश में ‘भाजपा को अलग थलग करने’ के लिए निरंतर प्रयास किया गया और जिस तरह महाराष्ट्र में सरकार बनायी गयी, उसे लोगों ने देखा। उन्होंने कहा कि यही तरकीब कांग्रेस ने दिल्ली में अपनायी। भाजपा नेता ने दावा किया, ‘‘हमे दिल्ली में सदैव 33 फीसद वोट मिले और आप देखेंगे कि दिल्ली चुनाव के नतीजे पूरी तरह स्पष्ट हो जाने के बाद हमारा मत प्रतिशत बढ़ेगा।’’