दिल्ली में मतदान के बाद घोषित हुए एग्जिट पोल के नतीजों में राष्ट्रीय राजधानी में लगातार तीसरी बार आम आदमी पार्टी के सत्ता पर काबिज होने का दावा किया गया है। एग्जिट पोल में खुलासा हुआ है कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचली और हरियाणवी समुदाय का भरपूर समर्थन मिला है।

इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक आम आदमी पार्टी को पूर्वांचली समुदाय के 55 फीसदी वोट मिले हैं। भाजपा के पास मनोज तिवारी जैसा पूर्वांचल का बड़ा नाम है, लेकिन इसके बावजूद लगता है कि पूर्वांचली मतदाताओं ने भाजपा के बजाय आप को तरजीह दी है।

पोल के मुताबिक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को 59 से 68 सीटें मिलने का दावा किया गया है। 2015 के विधानसभा चुनाव में भी आप को 67 सीटों पर जीत मिली थी।

एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को दिल्ली में सिर्फ 2-11 सीटें मिलने की बात कही गई है। समुदायवार बात करें तो आप को दिल्ली में दिल्ली के मूल नागरिकों के 55 फीसदी, पूर्वांचली समुदाय के 55 फीसदी वोट मिले हैं। वहीं हरियाणवी मूल के 54 फीसदी और राजस्थानी मूल के 55 फीसदी वोट आप को मिले हैं।

इसी तरह भाजपा की बात करें तो भाजपा को दिल्ली के मूल निवासियों के 35 फीसदी, पूर्वांचल के 36 फीसदी, हरियाणा के 35 फीसदी और राजस्थानी मूल के 35 फीसदी वोट मिले हैं। पोल में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलने की बात कही गई है।

समुदायवार भी कांग्रेस काफी पिछड़ी हुई है। कांग्रेस को दिल्ली के मूल निवासियों की 6 फीसदी, पूर्वांचल के 4 फीसदी, हरियाणवी 5 फीसदी, राजस्थान के 4 फीसदी और अन्य के 6 फीसदी वोट मिले हैं।

पोल के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली की 10 विधानसभा सीटों में से आप को 9-10 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को सिर्फ एक सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। पूर्वी दिल्ली में भी आप को 9-10 सीटें मिल सकती हैं।