दिल्ली की नव-निर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शपथ ग्रहण से पहले कहा था कि वह पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास, जिसे भाजपा ‘शीशमहल’ कहती है उसे म्यूजियम बनाएंगी। अब रेखा गुप्ता दिल्ली की सीएम बन चुकी हैं और दिल्ली सरकार में विभागों का बंटवारा भी हो चुका है। ऐसे में अब लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कहां रहेंगी? उन्होंने साफ तौर पर कह दिया है कि वह ‘शीशमहल’ में नहीं रहेंगी। ऐसे में रेखा गुप्ता कहां रहेंगी, इस पर मंथन शुरू हो चुका है।

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने तीन विकल्पों को चुना है। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से दो आलीशान बंगले सेंटर दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर स्थित हैं, जहां दिल्ली बीजेपी का कार्यालय और बीजेपी का राष्ट्रीय मुख्यालय भी है। तीसरा बंगला उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस में राजपुर रोड पर है। अधिकारियों ने बताया कि इन बंगलों की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद ही विकल्प के तौर पर इन तीनों को चुना गया है।

शालीमार बाग में अपने निजी आवास में रहती हैं रेखा गुप्ता

रेखा गुप्ता फिलहाल अपने निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में अपने निजी आवास में रहती हैं। एचटी की खबर के मुताबिक, PWD के एक अधिकारी ने बताया कि इन बंगलों को अभी सिर्फ चुना गया है, फाइनल नहीं किया गया है। ये विकल्प नई मुख्यमंत्री को दिखाए जाएंगे, हो सकता है कि वह खुद इन बंगलों को देखने जाएं और किसी एक को फाइनल करें। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की मंजूरी के बाद सीएम को बंगला आवंटित किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि सीएम कब तक घर फाइनल करेंगी।

‘शीशमहल’ का अब क्या होगा? रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण से पहले किया बड़ा ऐलान

शीशमहल में नहीं रहेंगी रेखा गुप्ता

शपथ ग्रहण से पहले एक न्यूज चैनल से बात करते हुए ‘शीशमहल’ में रहने के सवाल पर रेखा गुप्ता ने कहा था, “बिल्कुल नहीं। वह जनता के खून पसीने की कमाई का महल है। मैं जनता को समर्पित करूंगी। जनता जाए, उसको देखे और उन्हें हर पल इस बात का अहसास होगा कि उनका पैसा कहां खर्च हुआ।” वहीं, एनडीटीवी से बात करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा था कि हम ‘शीशमहल’ को संग्रहालय बनाएंगे। हम प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए सभी वादों को भी पूरा करेंगे।

भाजपा दिल्ली में 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले के रेनोवेशन को लेकर लगातार अरविंद केजरीवाल पर हमलावर रही है। यह बंगला, 40,000 वर्ग गज में फैला है, जो 2015 से अक्टूबर 2024 तक केजरीवाल का आधिकारिक निवास था। अक्टूबर 2024 में जारी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट में बंगले में आलीशान सजावट और महंगे उपकरणों के इस्तेमाल की बात कही गई थी। इसके बाद, केंद्र ने हाल ही में ‘शीशमहल’ के जीर्णोद्धार में कथित अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए। पढ़ें- आतिशी और पूर्व मंत्रियों के पर्सनल स्टाफ खत्म, अधिकारियों को लेकर भी CM रेखा गुप्ता ने लिया बड़ा फैसला