दिल्ली बीजेपी को अपना स्थायी कार्यालय मिल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई के नए कार्यालय का सोमवार को उद्घाटन करेंगे। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को यह जानकारी दी। वीरेंद्र सचदेवा ने कार्यालय का निर्माण पूरा होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 9 जून 2023 को कार्यालय का ‘भूमि पूजन’ किया था।

यह यात्रा संघर्ष से भरी रही है- वीरेंद्र सचदेवा

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “पार्टी की स्थापना के बाद पहला कार्यालय अजमेरी गेट पर खोला गया था। इसके बाद कुछ समय के लिए कार्यालय को रकाबगंज रोड पर स्थानांतरित किया गया और लगभग 35 वर्षों तक 14 पंडित पंत मार्ग पर स्थित कार्यालय से काम किया गया। अब पार्टी कार्यालय कल दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित नये भवन में स्थानांतरित हो जाएगा। यह यात्रा संघर्ष से भरी रही है, फिर भी उल्लेखनीय है।”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घोषणा की है कि सोमवार को सप्तमी नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय राजधानी में नए भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभारी है। उन्होंने कहा, “उनके दूरदर्शी नेतृत्व में ही संगठन ने देश के प्रत्येक राज्य की राजधानी और जिले में पार्टी कार्यालय बनाने का लक्ष्य रखा था। इस मिशन के तहत, दिल्ली प्रदेश कार्यालय से संबंधित लंबे समय से लंबित भूमि विवादों का न केवल समाधान किया गया, बल्कि निर्माण भी पूरा हुआ। आज, दिल्ली के सभी 14 संगठनात्मक जिलों के अपने कार्यालय हैं।”

यूपी और दिल्ली के बीच शुरू हुई इंटरस्टेट एसी ई-बस सर्विस, सीएम रेखा बोलीं- जब दूसरे राज्यों की बसें यहां चल सकतीं तो…

कौन-कौन रहेगा मौजूद?

उद्घाटन स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी के अलावा जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा के कई वरिष्ठ और दिग्गज कार्यकर्ता, कई केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, दिल्ली के सांसद, विधायक, पार्षद और हजारों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।