दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तिवारी लाक़ाउन के बावजूद भीड़ में घिरे हैं। वो लोगों को मास्क बांट रहे हैं। इस दौरान तिवारी एक महिला को मास्क पहनाते हैं और उनसे यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि यह तभी जरूरी है जब आप भीड़भाड़ में जा रहे हों। वीडियो में तिवारी यह भी कहते दिखाई दे रहे हैं कि यहां सैनेटाइजर मिल रहा है, उसे ले लो। तिवारी महिला के हाथ पर सैनेटाइजर देते हैं और अपने हाथ पर भी डालते हैं। फिर बताते हैं कि उसे कैसे अप्लाई करना है।
हालांकि, यह वीडियो कब का है। ये स्पष्ट नहीं है लेकिन ऐसा जान पड़ता है कि लॉक़ाउन लागू होने से पहले का है, जब कई दलों के नेता लोगों को मास्क पहनने और सैनेटाइजर का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक कर रहे थे। जनसत्ता.कॉम वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
Benefits of Lock-down explained by @ManojTiwariMP ji during Lock-down to maintain social distance pic.twitter.com/NDpDLJzdSN
— Sanjay Raghav (@raghavsanjay) April 3, 2020
सोशल मीडिया यूजर्स तिवारी के इस वीडियो पर तंज कस रहे हैं। दक्ष त्रेहान नाम के एक यूजर ने तंज किया कि सोशल डिस्टेंसिंग अपने चरम पर है, मनोज तिवारी एक ऐसे ही विदूषक हैं। दूसरे यूजर संजय राघव ने भी तंज कसा है। उन्होंने लिखा है- लॉकडाउन के दौरान सांसद मनोज तिवारी लॉकडाउन के फायदे बता रहे हैं। और भीड़ में रहकर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग सिखा रहे हैं।
पिछले हफ्ते ही भाजपा सांसद डॉक्टर चंद्रसेन जादौन फिरोजाबाद में भीड़ के बीच मास्क बांटने पहुंच गए थे। इस दौरान न तो उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर कोई नियम फॉलो किया न ही दूसरों से दूरी बनाई। खास बात यह है कि जादौन ने यह दिल्ली से अपने संसदीय क्षेत्र लौटने के बाद किया था। उनके पूरे परिवार ने कोरोनावायरस की जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट उनके फिरोजाबाद पहुंचने तक नहीं आई थी।