आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में संजय सिंह ने यह भी लिखा है कि संसद में इंडिया अलायंस ने किया जोरदार प्रदर्शन। सीएम अरविंद केजरीवाल की रिहाई की मांग भी की। विपक्षी नेताओं को जेल में डालना बंद करो।

संसद में आप और कांग्रेस एक दूसरे के साथ में दिखाई दे रहे हैं। लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में स्थिति काफी अलग है। यह बदलाव दिल्ली में केवल चुनावी अलायंस टूटने तक ही सिमट कर नहीं रह जाता है बल्कि कांग्रेस पार्टी के तेवर पहले जैसे आक्रामक ही नजर आ रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी के विधानसभा चुनाव होने में महज 6 महीने का ही वक्त बचा है। वहीं, कांग्रेस पार्टी आप के खिलाफ इस तरह से मुखर हो गई है जैसे वह मोर्चे पर दिल्ली सरकार को एक्सपोच करना चाह रही हो।

संजय सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब

राज्यसभा सासंद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव पार्टी नेतृत्व के खिलाफ जा रहे हैं। इस बात पर उनको जवाब देना चाहिए। बता दें कि देवेंद्र यादव बार-बार आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार पर बार-बार हमला बोल रहे है। देवेंद्र यादव ने कहा कि आप को दिल्ली के लोगों की बिल्कुल भी परवाह नहीं है। वे अपनी अंदरूनी मसलों में ही फंसी हुई है। पार्टी केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सहानुभूति बटोरने की जुगत में लगी हुई है। संजय सिंह को यह बात बहुत ज्यादा अखर रही है।

आप सांसद संजय सिंह आखिर इस बात को कहना चाह रहे हैं कि जब राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे बड़े कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के मुद्दे पर आप के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हुए हैं तो दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अपनी राह से क्यों भटक रहे हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि इंडिया अलायंस केजरीवाल की गिरफ्तारी के मुद्दे पर आप के साथ में खड़ा हुआ है। इतना ही नहीं वह यह भी कहते हैं कि इस मुद्दे पर हुई मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हुए थे। लेकिन दिल्ली कांग्रेस के नेताओं को इस बात की बिल्कुल भी फिक्र नहीं है। उन्होंने इस मामले पर कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा है।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने भी कई सवाल उठाए

दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी कई सारे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने भी याद दिलाया कि लोकसभा इलेक्शन के नतीजे आए ही थे कि आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस का साथ छोड़ने की बात कह दी। वो इस मामले में आतिशी और सौरभ भारद्वाज का जिक्र करते हैं। गोपाल राय ने भी इसी बात को दोहराया था कि दिल्ली असेंबली इलेक्शन आप अपने दम पर लड़ेगी।

इसके बाद से ही देवेंद्र यादव पंजाब जैसी सफलता हासिल करने में जुट गए। कांग्रेस नेता आम आदमी पार्टी, केजरीवाल और एमसीडी पर सियासी वार करने की तैयारी में हैं। देवेंद्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी भाजपा सरकार और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पिछले 10 साल से लड़ाई लड़ रहे हैं। आप सरकार के मंत्रियों को गठबंधन की दुहाई देने की बजाय जल संकट और जलभराव पर जवाब देना चाहिए। देवेंद्र यादव का कहना है कि जलभराव से पूरी दिल्ली तहस नहस हो गई है। यह केवल दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार की वजह से ही है।

बता दें कि अब तक दिल्ली के कांग्रेस नेता आप के साथ किसी भी अलायंस को लेकर खिलाफ रहे थे। गांधी परिवार की सोच भी करीब-करीब ऐसी ही दिखाई दी थी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जब खत्म हुई थी तो उसमें केजरीवाल को नहीं बुलाया गया था। ममता बनर्जी ही सबको एकसाथ लेकर चलने की मांग करती थी। इतना ही नहीं, हाल के लोकसभा इलेक्शन में आप से अलायंस करने को लेकर लवली खफा हो गए थे और पार्टी को छोड़ दिया था। लवली ने बीजेपी का दामन थाम लिया।

लोकसभा इलेक्शन के दौरान कांग्रेस का आप से दिल्ली में ही गठबंधन हो सका था और पंजाब में आप ने अपने दम पर लड़ने का रास्ता चुना। पंजाब में कांग्रेस के खाते में 7 सीटें आ गईं। भगवंत मान की पार्टी महज 3 सीटों पर ही जीतने में कामयाब हो सकी। दिल्ली में अलायंस से अलग होने की बात आम आदमी पार्टी ने की थी। इन सबके बावजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होते हैं।