देश में ओमीक्रोन के बढ़ते खतरे के बीच डीसीजीआई ने भारत बायोटेक की कोवैक्सिन को 12 साल से ऊपर के बच्चों के लिए इमरजेंसी उपयोग की मंजूरी दे दी है। वहीं दिल्ली में शनिवार को रिकॉर्ड कोरोना के मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में लॉकडाउन को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने साफ कर दिया है कि ऑक्सीजन की मांग 800 मीट्रिक टन के पास पहुंचने पर राज्य में लॉकडाउन लगा दिया जाएगा।

कोवैक्सीन को मंजूरी- ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने शनिवार को 12 साल से ऊपर के बच्चों के लिए आपातकालीन उपयोग के लिए कोवैक्सीन टीके की मंजूरी दे दी है। यह टीका इमरजेंसी उपयोग के तहत 12 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को लगाया जा सकता है। यह टीका भारत में बच्चों पर इस्तेमाल के लिए स्वीकृत दूसरा टीका है।

दिल्ली में कोरोना- दिल्ली ने शनिवार को 249 नए कोरोना के मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले दिनों की तुलना में आज दर्ज मामलों में 38 प्रतिशत की उछाल आई है। आज दर्ज हुए मामले पिछले छह महीने में सबसे अधिक है। वहीं कोरोना के कारण एक मौत की सूचना है, जिससे कुल मौतों की संख्या 25,104 हो गई है। वहीं इसे लगाकर दिसंबर में कुल छह मौतें हो चुकी हैं। शुक्रवार को 180 मामले दर्ज किए गए थे।

आंकड़ों के अनुसार यह वृद्धि 13 जून के बाद सबसे अधिक है। तब राष्ट्रीय राजधानी में 255 मामले दर्ज किए गए थे। वहीं दिल्ली में ओमीक्रोन के अबतक 67 मामले दर्ज हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में लॉकडाउन- महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच रात्रि कर्फ्यू पहले ही लागू कर दिया गया है। अब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने महाराष्ट्र में लॉकडाउन को लेकर एक सीमा तय कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र में लॉकडाउन तभी लगेगा, जब ऑक्सीजन की मांग 800 मीट्रिक टन प्रतिदिन हो जाएगी। हालांकि उन्होंने राज्य में ऑक्सीजन की वर्तमान खपत को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

वहीं राजस्थान में और 21 लोगों को ओमीक्रोन से संक्रमित पाया गया है। इन मामलों के बाद राज्य में शनिवार तक ओमीक्रोन से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है।