कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन भारत भी पहुंच चुका है। यूके से लौटने वाले 6 लोगों में इसकी पुष्टि हुई है। जानकारों के मुताबिक म्यूटेंट कोरोना वायरस पहले से भी ज्यादा खतरनाक और जानलेवा हो सकता है।  ब्रिटेन में नया स्ट्रेन मिलने के बाद कई शहरों में लॉकडाउन लगाना पड़ा है। बताया जा रहा है कि यह 70 फीसदी ज्यादा तेजी से फैलता है। ब्रिटेन वाले इस वायरस का केस जर्मनी में भी पाया गया है। भारत में भी ब्रिटेन से लौटने वाले लोगों को अलग क्वारंटीन किया जा रहा है।

जिन 6 लोगों में यह नया स्ट्रेन पाया गया है उनमें से ती बेंगलुरु, दो हैदराबाद और एक पुणे में पाया गया है। बता दें कि पिछले एक महीने में यूके से करीब 33 हजार लोग भारत आए हैं। इनमें से लगभग 114 लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। अभी अन्य लोगों की भी जानकारी इकट्ठी की जा रही है। 23 दिसंबर से 31 दिसंबर तक यूके से आने वाली फ्लाइट पर रोक लगा दी गई है।

मंगलवार को भारत में कोरोना के 16,432 नए मामले पाए गए और 24 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो गए। अभी देश में 1,02,24,303 केस ऐक्टिव हैं। अब तक 1,48,153 लोगों की जान जा चुकी है। पिछले कुछ दिनों से कोरना के नए मामलों में लगातार कमी आ रही है। देश में कोरोना वैक्सीन का ड्राइ रन भी शुरू हो गया है। उम्मीद है कि जनवरी में टीकाकरण शुरू हो जाए। चार राज्यों के कुछ जिलों में वैक्सीन का ड्राइ रन कराया जा रहा है। आज इसका दूसरा दिन है।

अमेरिका में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच कोविड-19 के अन्य टीकों के लिए व्यापक अध्ययन जारी है। लोक स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा है कि दो से अधिक टीकों के उपलब्ध रहने से लोगों के पास और अधिक विकल्प होंगे। एक टीके का निर्माण फाइजर और उसकी सहयोगी जर्मन कंपनी बायोएनटेक ने किया है जबकि दूसरा टीका मॉडर्ना ने बनाया है। विशेषज्ञों की राय है कि पर्याप्त संख्या में टीकों के उपलब्ध रहने से देश और विश्व की बड़ी आबादी का टीकाकरण सुनिश्चित होगा।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की पत्नी का कोरोना से निधन

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की पत्नी संतोष शैलजा का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मंगलवार तड़के निधन हो गया। शैलजा का राज्य के कांगड़ा जिले के टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। शैलजा कुछ दिन पहले संक्रमित पाई गई थीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुमार को संक्रमित पाए जाने के एक दिन बाद शनिवार को टांडा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके परिवार के चार अन्य सदस्य, उनका निजी सचिव, सुरक्षा अधिकारी और चालक भी संक्रमित पाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका और उनके परिवार का हाल-चाल जानने के लिए रविवार को उनसे बात की थी।