देश में एक बार फिर से बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गयी है। राजधानी दिल्ली में होली और शब-ए-बारात जैसे त्योहारों के मद्देनजर ‘मिनी लॉकडाउन’ लगाया गया है। दिल्ली सरकार की तरफ से नयी गाइडलाइंस भी जारी की गयी हैं। वहीं अब गुजरात सरकार ने भी राज्य में बाहर से आने वाले लोगों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया है।
देश में महाराष्ट्र,पंजाब, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और गुजरात में कोरोना के मामलों में काफी तेजी देखने को मिल रही है। राजधानी दिल्ल्ली में भी लगातार तीसरे दिन 1,500 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। एक्टिव मरीज़ों की संख्या 27 दिसंबर के बाद सबसे ज्यादा हो गयी है। पिछले साल 27 दिसंबर को दिल्ली में एक्टिव मरीजों की संख्या 6,713 थी अब मरीजों की संख्या 6,625 हो गयी है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 10 मरीजों की मौत भी हुई है।
दिल्ली सरकार ने नई गाइडलाइन जारी करते हुए शादी समारोह में अब अधिकतम लोगों की संख्या घटाकर 100 कर दी है। ये नियम बंद जगहों पर होने वाले कार्यक्रमों पर लागू होगा। खुली जगहों पर होने वाले विवाहों में 200 लोग इकट्ठा हो सकते हैं।
अंतिम संस्कार में 50 लोग ले सकते हैं हिस्सा: दिल्ली में अगले आदेश तक अंतिम संस्कार और उससे जुड़ें अन्य कार्यक्रमों में अधिकतम 50 लोग हिस्सा ले सकते हैं। साथ ही सरकार की तरफ से कहा गया है कि थर्मल स्कैनिंग हैंड वॉश या सैनिटाइज़र के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाए।
गुजरात में प्रवेश पर जांच अनिवार्य: झारखंड,कर्नाटक,राजस्थान समेत कई राज्यों के बाद अब गुजरात ने भी 1 अप्रैल से राज्य में बाहर से आने वाले लोगों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया है।
गौरतलब है कि देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर देश में तेजी से फैल रही है। शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार एक दिन में 62 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गये हैं। साथ ही 91 लोगों की इस दौरान जान गई है।
हालांकि देश में टीकाकरण का कार्य भी जारी है। 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के तहत अब तक लगभग 6 करोड़ लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं। सरकार ने फैसला लिया है कि एक अप्रैल से 45 साल से ऊपर के लोगों को भी वैक्सीन दी जाएगी।