पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से छुट्टी मिल गई। पिछले 19 अप्रैल को 88 साल के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को हल्का बुखार होने के बाद जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित होने का पता चला था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने चार मार्च और तीन अप्रैल को कोरोना के टीकों की दो खुराक ली थी।
उधर, देश के कई राज्यों में वैक्सीन की किल्लत का सामना किया जा रहा है। मुंबई में वैक्सीन की किल्लत के कारण BKC वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों की लंबी लाइन देखी गई। दिल्ली, ऑडिसा और जम्मू कश्मीर में भी 1 मई से नए चरण शुरू होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर सरकार से देश के लोगों को फ्री में वैक्सीन देने की मांग की है।
कोविड-19 मरीजों के इलाज में चिकित्सीय ऑक्सीजन की कमी के बीच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बंबई ने एक नाइट्रोजन इकाई को आॅक्सीजन उत्पादन इकाई में बदल कर समस्या के समाधान का तरीका खोजा है। संस्थान की तरफ से बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कई वकीलों ने न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और अदालत के कर्मचारियों के लिए कोविड-19 बेड सुरक्षित रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि ये लोग यहां अस्पतालों में बेड के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हज हाउस में 25 वेंटिलेटर और आधुनिक सुविधाओं वाला 255 बेड का कोविड अस्पताल बनाया जा रहा है। कोशिश है कि 7-10 दिन में पूरा करके संचालित कर दिया जाए। 1 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट भी लगाया जा रहा है।
नेपाल की राजधानी काठमांडू और अन्य शहरों में 15 दिनों के लिए कर्फ्यू लगाया गया है। देश में कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर को देखते हुए यह फैसला किया गया है।एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि काठमांडू के अलावा भक्तपुर और ललितपुर जिलों में बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे से 12 मई की मध्य रात्रि तक निषेधाज्ञा जारी रहेगी। काठमांडू में तीनों जिलों के प्रमुख जिला अधिकारियों की बैठक के बाद यह आदेश जारी किया गया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में पहले भी था और अब तो इसे और भी बढ़ाया गया है। लोगों को ऑक्सीजन के बारे में सही ज्ञान आवश्यक है। जिसे जरूरत है उसे ऑक्सीजन मिलनी चाहिए। अपने आप अस्पताल न भागें। डॉक्टर कहते हैं कि अस्पताल में रहने की जरूरत है तो जरूर जाएं।
दिल्ली में एक बार फिर अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत की खबर है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार। सहगल निओ हॉस्पिटल के पास सिर्फ 1 घंटे की ऑक्सीजन बची है। अस्पताल की तरफ से दिल्ली सरकार से ऑक्सीजन की मांग की गयी है।
हिंदी साहित्य के जाने माने कवि लेखक कुंवर बेचैन का कोरोना संक्रमण से निधन हो गया। कुछ ही दिन पहले वो और उनकी पत्नी कोरोना से संक्रमित हुए थे। उन्हें नोएडा के कैलाश हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि हमारा सबसे बड़ा हथियार कोविड अनुरूप व्यवहार है। मास्क से बड़ा कोई हथियार नहीं है। जो मर्जी हो करें लेकिन कोविड अनुरूप व्यवहार मत भूलिये। दो गज की दूरी को मत भूलिये और थोड़े भी लक्षण हैं तो टेस्ट जरूर कराएं।
उत्तराखंड में जारी कोरोना संकट के बीच मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने आज कहा कि प्रदेश में कोविड मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए चारधाम की यात्रा को स्थगित किया जाता है। केवल पुजारी ही वहां पूजा कर सकते हैं। पूरे देश के लोगों के लिए चारधाम यात्रा को अभी के लिए बंद किया जाता है।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,122 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 564 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। पुडुचेरी में अभी 8,689 एक्टिव केस हैं। बताते चलें कि 2 मई को पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के मतगणना होनी है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोविड-19 की जांच में बृहस्पतिवार को संक्रमित पाये गये। गहलोत ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘‘कोविड-19 जांच करवाने पर आज मेरी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। मुझे संक्रमण का कोई लक्षण नहीं हैं और मैं ठीक महसूस कर रहा हूं।’’ गहलोत ने कहा कि वह कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए पृथक-वास में रहकर ही कार्य जारी रखेंगे।
मध्यप्रदेश में कोरोना का कहर जार है। राज्य के कई शहरों में सरकार की तरफ से लॉकडाउन लगा दिया गया है। भोपाल में लागू कोरोना कर्फ्यू के दौरान दुकानें बंद है।
केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं निलांबुर से विपक्षी यूडीएफ के उम्मीदवार वी वी प्रकाश का गुरुवार सुबह निधन हो गया। डीसीसी के सूत्रों ने बताया कि सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद प्रकाश को बृहस्पतिवार सुबह एडक्कारा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें मंजेरी के अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका निधन हो गया।
भारत में जारी कोरोना के कहर के बीच विश्व समुदाय मदद के लिए आगे आया है। दवाइयां, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन लेकर रूस का दो विमान दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गया है। अमेरिका ने भी भारत को हर संभव मदद करने की बात कही है। यूके की तरफ से भी मदद की गयी है।
झारखंड के सिंहभूम लोकसभा सीट से बीजेपी के पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा का निधन हो गया। वो बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके थे। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पिछले लोकसभा चुनाव में वो कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा से चुनाव हार गए थे।
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने लोगों से मदद की अपील की है। उन्होंने कहा है कि भारत मेरा देश है, जहां लोग कोरोना से मर रहे हैं, प्लीज मदद करें। बताते चलें की भारत में हर दिन कोरोना के 3 लाख से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। दुनिया के कई देशों की तरफ से भारत को मदद मिल रही है।
मिजोरम सरकार की तरफ से जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 139 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 5,880 है जिसमें 1075 सक्रिय मामले, 4,792 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 13 मौतें शामिल हैं।
झारखंड में पिछले चौबीस घंटों में कोरोना संक्रमण से रिकॉर्ड 131 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की कुल संख्या 2246 हो गई है जबकि संक्रमण के 6,020 नये मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 213414 हो गयी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 18 से 44 वर्ष की आयु वाले लोगों के लिए कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की ''मध्यम'' गति से शुरुआत होने की संभावना है और इसमें दूसरी बीमारियों से ग्रस्त लोगों को तरजीह दी जाएगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
देशभर में बुधवार को 20 लाख और लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दिए जाने के साथ ही टीका लेने वालों की संख्या 15 करोड़ के करीब पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। रात आठ बजे तक की अंतरिम रिपोर्ट के अनुसार देश में कोविड-19 रोधी टीका लेने वालों की संख्या 14,98,77,121 हो गई है।
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश में रात्रि कर्फ्यू का समय बढ़ा कर शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक करने की घोषणा की है । प्रदेश में अब तक यह रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लागू था । इसके अलावा कुछ प्रतिबंध भी लगाये गये हैं ।
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को 8वें और आखिरी फेज की वोटिंग है. उससे पहले यहां से कोरोना को लेकर जो आंकड़े आए हैं, वो डराने वाले हैं। आंकड़े बताते हैं कि बंगाल में कोरोना संक्रमण अब इतना भयावह हो चुका है कि यहां हर तीसरे व्यक्ति की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है।
भारत जब कोरोना की दूसरी लहर से त्रस्त है और हर तरफ सिर्फ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है, ऐसे समय में अब पूरी दुनिया भी हिंदुस्तान की मदद करने को आगे आ रहा है। किसी देश से ऑक्सीजन सप्लाई हो रही है तो कहीं से ऑक्सीजन टैंकर मंगवाए जा रहे हैं। हर देश अपनी तरफ से भारत की मदद कर रहा है। दुनिया की महाशक्ति अमेरिका भी इस मुश्किल समय में भारत के साथ आ गया है. उनकी तरफ से भी अब हर जरूरी मदद पहुंचाई जा रही है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। यहां का पूरा पंचायत चुनाव कोरोना संक्रमण काल में ही हुआ। ऐसे में चुनाव ड्यूटी में लगे कई कर्मचारियों में डर बैठ गया है। क्योंकि चुनावी ड्यूटी के दौरान कई कर्मचारी पहले ही इस जानलेवा वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। ड्यूटी में लगे हुए कई लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। ऐसे में वोटों की गिनती रोकने की मांग उठने लगी है, ताकि कोई वायरस से संक्रमित ना हो और वो मौत के मुंह में जाने से बच सके।
कोरोना महामारी के बढ़ते केसों को देखते हुए झारखंड ने 6 मई तक पाबंदी बढ़ा दी है। इसी तरह उत्तराखंड सरकार ने भी कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सभी सरकारी कार्यालय (आवश्यक सेवाओं से संबंधित कार्यालयों को छोड़कर) 1 मई तक बंद करने के आदेश दिए हैं। इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने भी पाबंदी बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
कोविड मामलों में उछाल के मद्देनजर भारत ने चंपावत और पिथौरागढ जिले में स्थित सीमा पुलों के जरिए नेपाल से देश में प्रवेश करने वाले पड़ोसी देश के नागरिकों के लिए कोविड निगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर दिया है ।
आज शाम 4 बजे से तीसरे चरण के टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गया है। इसके तहत 18 से 44 साल तक के लोग रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। कोविन ऐप के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है। बता दें कि कई राज्यों का कहना है कि उनके पास वैक्सीन का स्टॉक कम है। हालंकि केंद्र सरकार ने वैक्सीन उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया है। महाराष्ट्र सरकार ने भी सभी को फ्री में वैक्सीन लगवाने का फैसला किया है।
कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने एक अजीब बयान दिया। इसमें उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि कम से कम 2,000 से 3,000 (COVID- संक्रमित) लोगों ने अपने फोन बंद कर लिए हैं और अपने घर छोड़ दिए हैं। हम नहीं जानते कि वे कहां चले गए हैं ... ये लोग केवल कोरोना ही फैलाएंगे।"
झारखंड के बोकारो से छह टैंकरों में 64 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन लेकर ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ ट्रेन भोपाल पहुंची। ट्रेन ने इससे पहले मध्य प्रदेश के जबलपुर और सागर में ऑक्सीजन की आपूर्ति की। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी बताया कि इस ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ से छह टैंकरों में से सागर को तीन टैंकर ऑक्सीजन दिये गये हैं, जबकि जबलपुर को एक और मंडीदीप को दो टैंकर ऑक्सीजन मिले हैं।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जयपुर के सवाई मानंिसह अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों के आधार पर कोरोना के उपचार के लिए उन्हें उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने 29 अप्रैल की शाम 7 बजे से सोमवार की सुबह तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। इस दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी।
गुजरात के अहमदाबाद के अस्पतालों में केवल 152 ऑक्सीजन बेड उपलब्ध होने के चलते नगर निकाय ने नागरिकों से बेहद जरूरी होने पर ही घर से निकलने का आग्रह किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
वैक्सीन को लेकर महाराष्ट्र कैबिनेट ने फैसला किया है कि सभी को फ्री में वैक्सीन लगाई जाएगी। बता दें कि महाराष्ट्र देश में सबसे ज्यादा कोरोना से प्रभावित है। इससे पहले अन्य कई राज्य फ्री में वैक्सीन देने का ऐलान कर भी चुके हैं।
प्रदेश में कल रिकॉर्ड ऑक्सीजन की सप्लाई हुई है। कल जितने ऑक्सीजन की सप्लाई हुई उतनी पहले कभी नहीं हुई है। 321 मीट्रिक टन की सप्लाई FSDA के माध्यम से सीधे अस्पतालों और रिफिल करने वालों को हुई है। हम लोगों ने लगभग 600 मीट्रिक टन ऑक्सीजन सप्लाई की है। प्रदेश में ऑक्सीजन की सप्लाई करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश में होम कंट्रोल में कंट्रोल रूम शुरू किया गया है। यह पूरे 24 घंटे के लिए है। इस कंट्रोल रूम से प्रत्येक जिले को ऑक्सीजन की व्यवस्था की जा रही है: अवनीश अवस्थी, उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव गृह
कोरोना संक्रमित पत्रकार सिद्दीक कप्पन के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि यूपी सरकार उन्हें राज्य से बाहर जाने की अनुमति दे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि इलाज के बाद फिर से उन्हें मथुरा की जेल में भेज दिया जाएगा।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने ऐलान किया है कि राज्य में 29 अप्रैल शाम 7 बजे से 3 मई सुबह तक लॉकडाउन रहेगा। आवश्यक सेवाओं और औद्योगिक गतिविधियों को अनुमति रहेगी। सार्वजनिक परिवहन बंद रहेगा। कैसिनो, होटल और पब बंद रहेंगे। आवश्यक सेवाओं के लिए सीमाएं खुली रहेंगी।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गांवों में सुविधाओं की कमी है। य़हां ज्यादा टेस्ट भी नहीं किए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस संक्रामक बीमारी से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गांवों में सुविधाओं की कमी है। य़हां ज्यादा टेस्ट भी नहीं किए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस संक्रामक बीमारी से कई लोगों की मौत भी हो चुकी है।
कांग्रेस के पूर्व सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता एकनाथ गायकवाड का मुंबई में निधन हो गया।
अरुणाचल प्रदेश में 15 सुरक्षा कर्मियों सहित कुल 123 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जिन्हें मिलाकर राज्य में अबतक 17,898 मामले आ चुके हैं। राज्य के निगरानी अधिकारी (एसएसओ) डॉ.लोबसांग जाम्पा ने बताया कि नए मामलों में 13 को छोड़ बाकी में कोई लक्षण नहीं हैं उन्होंने बताया कि सेना के आठ और इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के सात जवानों के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जबकि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) का एक कर्मी भी कोरोना वायरस की चपेट में है।