Coronavirus: चीन से लौटा एक शख्स कोरोना संक्रमित (Coronavirus Cases) पाया गया है। 40 वर्षीय युवक उत्तर प्रदेश के आगरा जिले (Agra) के शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला है। वो 23 दिसंबर को चीन से आगरा लौटा था। इसके बाद युवक ने एक प्राइवेट लैब में कोविड-19 जांच कराई। रविवार (25 दिसंबर) को स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी गई कि युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने एक रैपिड रिस्पांस टीम को तत्काल युवक के निवास स्थान पर भेजा है।

आगरा(Agra) के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव मीडिया को बताया कि साल के अंत में बहुत से लोग व्यवसाय के लिए यात्रा करते हैं, जो यात्रा करके वापस लौट रहे हैं। उन सभी की निगरानी की जाएगी।

संक्रमित व्यक्ति के घर को किया गया सील

कोरोना संक्रमित (Coronavirus) व्यक्ति के घर को सील कर दिया गया है और उसके संपर्क में आने वाले अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच की जा रही है। यह अनिवार्य है कि वायरस के प्रसार को रोकने और लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी सावधानियां बरती जाएं। संक्रमित व्यक्ति का चिकित्सों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।

कोविड-19 को लेकर भारत सरकार हाई अलर्ट पर

बता दें, चीन द्वारा इस महीने पाबंदियां हटाने के बाद कोविड संक्रमणों में उछाल की खबरें सामने आने के बाद से भारत सरकार हाई अलर्ट पर है। भारत ने कोविड-19 महामारी की स्थिति पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है।

हालांकि केंद्र और राज्य सरकारों ने त्योहारी सप्ताह के दौरान समारोहों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है, लेकिन लोगों से कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार का पालन करने की अपील की है। सरकार ने भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना, शारीरिक दूरी बनाने के लिए कहा है।

केंद्र सरकार ने चीन और जापान समेत पांच देशों से आने वाले व्यक्तियों के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है। इसके अलावा, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जारी एक ताजा एडवाइजरी में केंद्र ने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति पर्याप्त हो। हालांकि, विशेषज्ञों ने आश्वासन दिया है कि भारत की स्थिति चीन की तरह खराब नहीं होगी।