कोरोना वायरस के मामले मंगलवार को नौ लाख से ज्यादा होने के साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि महामारी का उपचार करा रहे कुल मरीजों का 86 फीसदी देश के दस राज्यों में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी राजेश भूषण ने कहा कि दो सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र और तमिलनाडु हैं और देश भर में वायरस का उपचार करा रहे कुल लोगों में 50 फीसदी इन दो राज्यों से हैं।

कर्नाटक, दिल्ली, आंध्रप्रदेश, उत्तरप्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, गुजरात और असम अन्य प्रभाावित राज्य हैं जहां इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 36 फीसदी है। भूषण ने बताया कि कोविड-19 के कारण ठीक हुए लोगों की संख्या उपचार करा रहे लोगों की तुलना में 1.8 गुना अधिक है। कोविड-19 की जांच के बारे में उन्होंने कहा कि 22 राज्य वर्तमान में प्रतिदिन प्रति दस लाख की आबादी पर 140 जांच करा रहे हैं। मृत्यु दर पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 मृत्यु दर 2.6 फीसदी है और यह तेजी से कम होती जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक मामलों की तुलना में मृत्यु दर अपेक्षाकृत कम है।’’

बता दें कि www.covid19india.org के मुताबिक, देश में मंगलवार शाम 5 बजे तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 9 लाख 11 हजार 624 हो चुकी है। इनमें से 5 लाख 73 हजार 283 ठीक हो चुके हैं, जबकि 23779 लोगों की मौत हो गई। इस तरह देश में एक्टिव केसों की संख्या 3 लाख 14 हजार 178 है।

(भाषा इनपुट्स के साथ)