महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 30,535 नए मामले सामने आए हैं, जो कि अब तक के दैनिक मामलों में सबसे ज्यादा हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि संक्रमण के नए मामलों के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24,79,682 हो गई। वहीं 99 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 53,399 हो गई। इससे तीन दिन पहले ही कोविड-19 के सबसे ज्यादा 25,833 दैनिक नए मामले दर्ज किए गए थे। वहीं इससे पहले सितंबर, 2020 को 24,896 नए मामले सामने आए थे।
वहीं देश के अन्य राज्यों में भी कोरोना संकट एक बार फिर से बढ़ता जा रहा है।रविवार को छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के 1,000 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद रविवार को कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,24,153 हो गई। वहीं 10 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 3,950 हो गई। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 मरीजों के संक्रमण मुक्त होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली, जिसके बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 3,11,761 हो गई।
तमिलनाडु में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,289 नए मामले आने के साथ ही रविवार तक राज्य में संक्रमित हुए लोगों की संख्या 8.66 लाख हो गई।स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, संक्रमण से और नौ लोगों की मौत होने के साथ ही महामारी से मरने वालों की संख्या 12,599 हो गई है।बुलेटिन के अनुसार, इस दौरान 668 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं। राज्य में अभी तक 8,46,480 मरीज ठीक हुए हैं। वहीं, 7,903 मरीज उपचाराधीन हैं।नए मरीजों में एक व्यक्ति ऐसा है जो ब्रिटेन से लौटा है और उसका फिलहाल आइसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा है। बुलेटिन के अनुसार, जो मरीज संक्रमित मिले थे, उनकी केन्द्र के दिशा-निर्देशों के तहत सात दिनों बाद फिर से जांच की गई।
कर्नाटक में कोविड-19 के 1,715 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,70,202 हो गई। वहीं दो और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12,434 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। राज्य में लगातार दूसरे दिन 1,700 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। एक बुलेटिन में बताया गया कि संक्रमण के नए मामलों में वृद्धि के बाद इलाज करा रहे मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। इस महीने की शुरुआत में जहां 6,000 से कम मरीजों का इलाज चल रहा था, वहीं अब 13,493 मरीजों का उपचार हो रहा है।
हरियाणा में कोविड-19 संक्रमण के 867 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,79,828 हो गई है। वहीं संक्रमण से पांच और लोगों की मौत हो गई। एक स्वास्थ्य बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। बुलेटिन के अनुसार इस महामारी से अब तक राज्य में 3,098 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को कैथल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, अंबाला और करनाल जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
आंध्र प्रदेश में रविवार को कोविड-19 के 368 नए मामले आए, जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 8.93 लाख तक पहुंच गए। 31,138 जांच होने के बाद ये नए मामले आए।नवीनतम बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य में 263 और रोगी ठीक हो गए। पिछले 24 घंटों में राज्य में किसी भी व्यक्ति की संक्रमण के कारण मौत नहीं हुई।राज्य में अब उपचाराधीन मरीजों की कुल संख्या 2,188 हो गई है, जबकि अब तक 8,84,357 लोग बीमारी से ठीक हो चुके हैं और 7,189 मरीजों की मौत हो चुकी है।
जम्मू-कश्मीर में रविवार को कोविड-19 के 158 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 34 यात्री हैं। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,28,547 हो गई। वहीं पिछले 24 घंटे में एक और व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि नए मामलों में से 27 मामले जम्मू संभाग और 131 मामले कश्मीर संभाग से सामने आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर जिले में सबसे ज्यादा 88 नए मामले सामने आए, जिनमें से 27 यात्री हैं। इसके बाद जम्मू जिले में 22 मामले सामने आए हैं। वहीं बारामूला में 19 और बडगाम जिले में 14 नए मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में कुल 34 यात्री संक्रमित पाए गए हैं।
इधर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन ने रविवार को कहा कि कोविड-19 टीके की छह करोड़ से अधिक खुराक 76 देशों को भेजी गयी हैं जबकि देश में लोगों को अब तक साढ़े चार करोड़ खुराक लगायी गयी हैं। हर्षवर्द्धन ने टीकाकरण अभियान को ‘‘जनांदोलन’’ बनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने यहां सीएसआईआर-इमटेक में संवाददताओं से कहा, ‘‘इस देश में लोगों को आज सुबह तक कोविड-19 की करीब साढ़े चार करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। छह करोड़ से अधिक खुराक 76 देशों को भेजी गयी हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने टीकाकरण अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया है।’’

