चीन की राजधानी बीजिंग में एक बार फिर से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। चीन के एक सरकारी प्रवक्ता की तरफ से शनिवार को कहा कि शहर में 61 नए मामले सामने आए हैं। ये मामले बार गए लोगों या फिर उनसे संपर्क में आने वालों से आये हैं। ऐसे में बीजिंग में नए प्रतिबंधों को लागू किया गया है।
बीजिंग में कोरोना को लेकर लागू हुए नये प्रतिबंधों के बाद में सबसे अधिक आबादी वाले शहर चाओयांग में कई मनोरंजन स्थलों को बंद कर दिया गया है। वहीं शंघाई में एक लोकप्रिय ब्यूटी सैलून से सामने आये कोरोना के मामलों पर लगाम लगाने के लिए बड़े पैमाने पर टेस्टिंग शुरू की गई है। हालांकि चीन की संक्रमण दर दुनियाभर के मानकों से कम है।
चीन में कोरोना के हालात पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कोरोना मामलों की रोकथाम के लिए जीरो कोविड पॉलिसी के तहत काम करने का निर्देश जारी किया है। वहीं बीजिंग नगरपालिका सरकार के प्रवक्ता जू हेजियन ने कहा कि हेवन सुपरमार्केट बार से जुड़े मामलों में तेजी से वृद्धि देखी गई है। इसमें संक्रमित व्यक्तियों की पहचान करना मुश्किल है।
हेजियन ने कहा कि चिंता की बात यह है कि अब तक बार से जुड़े 115 मामले पाए गए हैं और 6,158 लोग इसके संपर्क में आये। ऐसे में अब बीजिंग की 22 मिलियन की आबादी पर खतरा होने की चिंता सताने लगी है।
भारत में कोरोना: देश में एक बार फिर से कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी गई है। दरअसल 10 जून को 8,329 नए मामले पाये गये। वहीं इससे संक्रमित 10 लोगों की मृत्यु हुई है। देश में कोरोना के कुल 40,370 सक्रिय मामले हैं। देश में रोजोना पॉजिटिविटी रेट 2.41 प्रतिशत है।
महाराष्ट्र के मामले चिंता का सबब: शनिवार को महाराष्ट्र में 2,922 नए केस मिले हैं। इस दौरान एक व्यक्ति की कोरोना से मौत भी हुई है। बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार चिंता का सबब बनी हुई है। महाराष्ट्र में हफ्ते भर में नए मरीजों की संख्या तीन गुनी के करीब पाई गई। इस स्थिति में सबसे अधिक मामले मुंबई से मिले हैं।
वहीं महाराष्ट्र में जहां शनिवार को तीन हजार के करीब मामले पाये गये तो एक दिन पहले राज्य से 3081 नए मामले मिले थे। इसमें मुंबई से 1956 मामले थे। इस रफ्तार में मुंबई एक बार फिर से हॉटस्पॉट बनता दिख रहा है।
इन राज्यों में वृद्धि: 10 जून को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े देखें तो एक्टिव केसों में सबसे आगे महाराष्ट्र है, उसके बाद दूसरे नंबर पर केरल है। केरल में सक्रिय मामलों में 1109 केस बढ़े हैं। इसके बाद कर्नाटक-297 और दिल्ली में 234 के अलावा बाकी राज्यों में मामले दहाई के अंकों में है।