पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक तिकड़मबाजी जोरों पर है। जहां तृणमूल कांग्रेस लगातार अपने सत्ता में लौटने की बात दोहरा रही है, वहीं भाजपा इस बार ममता सरकार को बेदखल करने की बात कह रही है। जहां टीएमसी के रणनीतिक सलाहकार प्रशांत किशोर खुद कह चुके हैं कि भाजपा तीन अंकों में नहीं पहुंच पाएगी, वहीं हाल ही में उनकी एक रिकॉर्डिंग वायरल हुई, जिसमें उन्हें बंगाल में मोदी को ममता बनर्जी के बराबर लोकप्रिय कहते हुए सुना जा सकता है। अब इसे लेकर कांग्रेस के एक नेता रत्नाकर त्रिपाठी ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि पीके विश्वसनीय नहीं हैं और वे पीठ पर छुरा घोंपना चाहते हैं।

भाजपा समर्थकों के आरोपों का जवाब दे रहे थे रत्नाकर: दरअसल, प्रशांत किशोर के क्लबहाउस में पत्रकारों के साथ बातचीत की क्लिपिंग लीक होने के मुद्दे पर रिपब्लिक चैनल पर भाजपा और कांग्रेस प्रवक्ता की बहस चल रही थी। इसमें एंकर ने कहा था कि प्रशांत किशोर लगातार अमरिंदर सिंह, कमलनाथ से जुड़े रहे। इस पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “प्रशांत किशोर सबसे पहले नरेंद्र मोदी के सलाहकार हुए थे। अबकी बार मोदी सरकार, अच्छे दिन आने वाले हैं। मैं पहले दिन से कहता हूं- आप प्रशांत किशोर से क्या उम्मीद करते हैं। प्रशांत किशोर भाजपा के एजेंट हैं। प्रशांत किशोर डेटा चोर हैं। प्रशांत किशोर पार्टियों में जाता है, डेटा लेता है और फिर भाजपा में भाग जाता है।”

नीतीश कुमार ने कहा था- ये किसी के साथ नहीं रह सकता: कांग्रेस प्रवक्ता आगे बोले- “याद कीजिए नीतीश कुमार ने जब इसको पार्टी से निकला, तो कहा कि अमित शाह ने दो बार मुझसे कहा कि इसको पार्टी में रख लीजिए। मैंने उसे महासचिव बना दिया, मैंने मंत्रीपद दे दिया। लेकिन उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कह दिया था कि यह दोगला है। ये हमारे साथ नहीं रह सकता। यह किसी के साथ नहीं रह सकता।”

रत्नाकर त्रिपाठी ने क्लबहाउस रिकॉर्डिंग लीक होने पर कहा, “ये जो अपने लोग हैं वो पीके हैं। पीके ने पीकर क्या सही बोला। उन्होंने कहा कि 100 से अधिक सीट अगर भाजपा की आईं, तो मैं सन्यांस ले लूंगा। मैं राजनीति का काम नहीं करुंगा। आप ऑफ द रिकॉर्ड बात तब होती हैं, जब आमने-सामने बातें होती हैं। जब रिकॉर्डिंग का बटन होता है न तो जानबूझकर बात की जाती है।”

पीठ में छुरा घोंपने वाले हैं प्रशांत किशोर: उन्होंने कहा, “आप प्रशांत किशोर की रिकॉर्डिंग सुनिए। वे एक बार कहते हैं कि ‘मोदी इज पॉपुलर’, फिर जोर देते हैं- ‘यस मोदी इज वेरी पॉपुलर’ (मोदी काफी लोकप्रिय हैं)। प्रशांत किशोर जो हैं, वो पीठ में छुरा घोंपने का काम करते हैं। ये बात दीगर है, ये बात न अमरिंदर सिंह समझ पाते हैं, न राहुल गांधी समझ पाते हैं और न ही ममता बनर्जी समझ पाती हैं।”