चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के मुलाकात की खबरें हैं। इसको लेकर कहा जा रहा है इस साल के अंत में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी के अभियान को मजबूत करने के लिए प्रशांत किशोर और राहुल गांधी की मुलाकात हुई है। कांग्रेस के दो सूत्रों के अनुसार पिछले साल दोनों अलग के होने के बाद इस तरह की बातचीत की स्थिति देखी गई है।

चुनाव को लेकर पार्टियों के लिए रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर और कांग्रेस के बीच पिछले साल सितंबर में बातचीत हुई थी। जिसके बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए थे। इसके बाद कांग्रेस ने अपने चुनावी अभियानों में धार देने के लिए पीके के एक पूर्व सहयोगी के साथ समझौता किया था। वहीं प्रशांत किशोर ने ममता के चुनाव अभियान में साथ दिया था।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक दो सूत्रों का कहना है कि प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को सिर्फ गुजरात के लिए साथ काम करने की पेशकश की है। फिलहाल कांग्रेस की तरफ से इस प्रस्ताव पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। हालांकि यह भी साफ है कि प्रशांत किशोर गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ मिलकर काम करने की इच्छा रखते हैं।

वहीं कांग्रेस के भी कई नेता ऐसे हैं जो चाहते हैं कि गुजरात में पार्टी का चुनावी अभियान प्रशांत किशोर देखें। लेकिन माना जा रहा है कि इन सब बातों पर राहुल गांधी का ही फैसला अंतिम होगा।

बता दें कि पिछले साल प्रशांत किशोर ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कई दौर वार्ता की थी। इस दौरान राहुल गांधी के घर जाने की पीके की तस्वीरों ने सियासी बाजार गर्म किया था। कहा जाता है कि कांग्रेस में उनका जाना तय हो ही गया था लेकिन अंत वक्त पर बात नहीं बन पाई। वहीं प्रशांत किशोर का मानना ​​है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष में कांग्रेस की भूमिका है लेकिन वर्तमान नेतृत्व में नहीं।