बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी की कांग्रेस के लिए भारत रत्न लता मंगेशकर के विचार अहमियत नहीं रखते हैं। लेकिन रिहाना और मिया खलीफा की राय अहमियत रखती है। शर्म आनी चाहिए। पात्रा ने एक पुरानी खबर को ट्वीट किया है। जो कि साल 2013 की है। खबर की हैडिंग है कांग्रेस का कहना है कि लोगों को लता मंगेशकर की सलाह की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने कहा कि राजनीति में लता मंगेशकर की राय अहमियत नहीं रखती है।
इससे पहले भारत रत्न लता मंगेशकर ने भारत सरकार का समर्थन किया। लता मंगेशकर ने सिंगर रिहाना के ट्वीट पर सिंगर को लताड़ा और कहा कि उन्हें भारत के मामलों में दखल देने की जरूरत नहीं है। मंगेशकर ने कहा कि कृषि कानूनों को लेकर चल रहा किसानों का आंदोलन पूरी तरह से भारत का आंतरिक मामला है जिस पर कि विदेशियों को टिप्पणी करने का हक नहीं है। इससे पहले सिंगर रिहाना ने ट्वीट कर कहा था कि हम भारत में चल रहे किसानों के आंदोलन पर बात क्यों नहीं करते हैं।
मामले पर लता मंगेशकर ने ट्विटर पर लिखा, “नमस्कार…भारत एक गौरवशाली देश है और ये बात सभी भारतीय सिर ऊंचा कर कहते हैं। एक भारतीय होने के नाते मुझे यकीन है कि हम अपनी समस्याओं का समाधान खुद से कर सकते हैं। हमें हमारें लोगों की भलाई का ज्ञान है। जय हिंद।”
Astonishingly for Rahul’s Congress Bharat Ratan Lata didi’s view doesn’t matter but Rihanna & Mia Khalifa’s views matter!
SHAME pic.twitter.com/9IsDF9cTPc— Sambit Patra (@sambitswaraj) February 4, 2021
मालूम हो कि मामले में अक्षय कुमार,अजय देवगन, करण जौहर,सुनील शेट्टी और दूसरे सेलेब्रिटी सरकार के समर्थन में आए हैं। इन लोगों ने अपील की है कि देश किसी प्रोपगैंडा का शिकार न हो। अक्षय कुमार ने विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान को रिट्वीट किया और कहा कि सरकार मुद्दे का समाधान कर रही है।
अक्षय ने लिखा,”किसान हमारे देश का सबसे अहम हिस्सा हैं। उनके मुद्दों का समाधान करने के लिए प्रयास जारी हैं। समाधान की दिशा में सोचें न कि फर्क पैदा करने की दिशा में।”
एक बयान में, विदेश मंत्रालय ने किसान आंदोलन पर रिहाना और अन्य हस्तियों द्वारा की गई टिप्पणी को खारिज किया और कहा कि इस पर टिप्पणी करने से पहले इस मुद्दे पर तथ्यों का पता लगाया जाना चाहिए था।