गुजरात में भारतीय जनता पार्टी के मंत्री पूर्णेश मोदी ने कहा है कि नाथूराम गोडसे का भाजपा और आरएसएस से कोई लेना-देना नहीं है। दरअसल विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा आरोप लगाया गया कि सत्तारूढ़ भाजपा का नाथूराम गोडसे को लेकर नरम रुख है। इसको लेकर मंगलवार को गुजरात विधानसभा में पूर्णेश मोदी ने पलटवार किया।

गौरतलब है कि सदन में इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक पुंजा वंश और शैलेश परमार ने भाजपा की आलोचना की। उन्होंने हाल ही की कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया भाजपा के शासन काल में गुजरात में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को अधिक महत्व दिया जा रहा है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के मंत्री पूर्णेश मोदी ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर ‘‘भगवा आतंकवाद” की गलत धारणा को लेकर कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ लोगों को राष्ट्रवादी बनाता है और नागरिकों में देशभक्ति की भावना पैदा करता है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति में भाजपा विश्वास नहीं करती है।

कांग्रेस विधायक का आरोप: दरअसल गुजरात के जामनगर एवं वलसाड में नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर कांग्रेस विधायक नौशाद सोलंकी ने कहा कि गुजरात में गोडसे का महिमामंडन किया जा रहा है। उन्होंने गोडसे को आजाद भारत का पहला आतंकवादी बताया।

विधानसभा ने कांग्रेस विधायक ने कहा कि नागपुर स्थित मुख्यालय पर आरएसएस ने 52 साल तक तिरंगा नहीं लगाया और बात राष्ट्रवाद की करते हैं।

भाजपा का पलटवार: इसपर भाजपा सरकार में पूर्व शिक्षा मंत्री भूपेंद्र चूड़ास्मा ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार एवं भाजपा ने कभी भी गोडसे का महिमा मंडन नहीं किया। उन्होंने कहा कि संघ की शाखा में भी गांधीजी के आदर्शों को आत्मसात करने की बात सिखाई जाती है। कांग्रेस ने जिस तरह के आरोप लगाए हैं वो बेबुनियाद हैं। वह हमेशा विवाद पैदा करने के प्रयास में रहती है।