कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को असम में चुनाव प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ट्वीट पर बोल सकते हैं लेकिन असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए कुछ नहीं कह सकते हैं। बीते दिनों प्रधानमंत्री मोदी ने असम में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के दौरान टूलकिट का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।
रविवार को असम के जोरहाट में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने कहा कि कल मैं प्रधानमंत्री मोदी के भाषण को सुन रही थी। मुझे लगा कि वह अपने भाषण में असम के विकास के बारे में बोलेंगे या भाजपा असम में कैसे काम करेगी इसकी चर्चा करेंगे। लेकिन मैं यह सुन कर हैरान हो गई कि पीएम मोदी अपने भाषण में एक 22 वर्षीय महिला(दिशा रवि) के द्वारा किए गए ट्वीट की बात कर रहे हैं।
साथ ही प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कह रहे थे कि कांग्रेस ने असम के चाय उद्योग को खत्म करने की साजिश रची। प्रियंका ने यह भी कहा कि पीएम मोदी अपने भाषण के दौरान इस बात से भी दुखी थे कि कांग्रेस ने गलती से सोशल मीडिया पर दो फोटो डाल दिए। आगे प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल पूछते हुए कहा कि वे असम के बाढ़ पीड़ितों या सीएए आंदोलन के दौरान पांच युवकों के मारे जाने को लेकर क्यों नहीं दुखी थे?
प्रियंका गांधी ने जोरहाट में बीजेपी पर वादाखिलाफी का आरोप भी लगाया। प्रियंका ने कहा कि पिछले चुनाव में बीजेपी ने आपसे बहुत से वादे किए थे। आपसे कहा था कि 25 लाख रोज़गार मिलेंगे। क्या वो रोज़गार आपको मिले? उन्होंने कहा था CAA लागू नहीं करेंगे। लेकिन सत्ता में आते ही CAA लागू करने की बात की। असम में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री के डबल इंजन वाली सरकार के बयान को लेकर तंज कसते हुए कहा कि आज असम में दो-दो मुख्यमंत्री हैं एक सर्वानंद सोनोवाल और दूसरे हिमंत बिस्वा शर्मा।
प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री डबल इंजन सरकार की बात करते हैं लेकिन असम के पास दो मुख्यमंत्री है। मुझे नहीं पता नहीं कि किस फ्यूल से कौन सी इंजन चल रही है। लेकिन असम सरकार असम में ही नहीं चल पा रही है।बता दें कि असम की 126 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए तीन चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को, दुसरे चरण के लिए 1 अप्रैल को और तीसरे चरण के लिए 6 अप्रैल को वोटिंग होगी। मतों की गिनती 2 मई को की जाएगी।