कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगी। सूत्रों के मुताबिक देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के साथ हो रहीं घटनाओं और उनकी सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उन्होंने यह फैसला किया है। वह सोमवार (9 दिसंबर) को 73 वर्ष की हो रही हैं। सूत्रों ने बताया कि महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं से वे काफी दुखी हैं। इसकी वजह से उन्होंने इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया है।
पहले भी ऐसा किया है : पार्टी सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेताओं को भी जन्मदिन पर कोई कार्यक्रम नहीं करने का संकेत किया गया है। हालांकि यह पहला ऐसा अवसर नहीं है जब वह अपना जन्मदिन नहीं मना रही हैं। इससे पहले 2014 में भी उन्होंने जन्मदिन नहीं मनाया था। उस वक्त जम्मू और कश्मीर और छत्तीसगढ़ में आतंकी और नक्सली घटनाओं को देखते हुए उन्होंने यह फैसला किया था। दोनों हमलों में शहीद हुए सेना और पुलिस के जवानों के सम्मान में उन्होंने यह फैसला किया था। 2013 में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला के निधन पर जन्मदिन नहीं मनाया था।
Hindi News Today, 09 December 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
कार्यकर्ताओं से अग्निकांड के पीड़ितों की मदद की अपील : रविवार को दिल्ली में रानी झांसी रोड पर स्थित एक अनाज मंडी आग लगने और 43 लोगों की मौत के बाद अपनी संवेदना जताई थी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया था कि वे भी पीड़ितों की हरसंभव मदद करें। उन्होंने अपने संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में अधिकारियों की मदद करने और पीड़ितों की सहायता करने का आग्रह किया था।
73 वर्ष की हो गईं कांग्रेस अध्यक्ष : पिछले चार दशक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को 73 वर्ष की हो गईं। पिछले चार दशक से वे राजनीति में सक्रिय रही हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी पार्टी का नेतृत्व करते हुए केंद्र में मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाईं और कई राज्यों में पार्टी को सत्ता दिलाईं। देश में महिलाओं के साथ घटनाएं और दिल्ली में अग्निकांड की वजह से इस बार वह अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया है।