केंद्र सरकार के नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ पूरे देश में विपक्ष आंदोलन कर रहा है। इसको लेकर कई जगह हिंसा भड़क उठी है। इस बीच कांग्रेस के विधायक राकेश सिंह कानून के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बेवजह कानून का विरोध कर रही है। विधायक ने अपने फेसबुक एकाउंट पर पोस्ट लिखकर कानून के प्रति अपना समर्थन जताया है। वह रायबरेली के हरचंदपुर सीट से विधायक हैं।
कहा कि कानून सही है विरोध करना गलत : उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वालों को “देशद्रोही” करार दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में मांग की कि इस कानून का विरोध करने वालों को जेल में डाल देना चाहिए। लिखा कि पाकिस्तान, बंगलादेश, अफगानिस्तान के हित की बात करने वाला हिंदुस्तानी नहीं हो सकता है। हालांकि उनका यह विचार व्यक्तिगत है, लेकिन पार्टी के खिलाफ होने से उन्हें नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ सकता है।
Hindi News Today, 17 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
प्रियंका गांधी केखिलाफ भी बयान दिए थे : हालांकि विधायक राकेश सिंह रायबरेली से विधायक दिनेश सिंह के भाई हैं। वह पहले भी अपनी पार्टी के खिलाफ बयान दे चुके हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले कहा था कि प्रियंका गांधी अपराधियों को संरक्षण देती हैं। वह चुनाव के वक्त कुछ देर के लिए आती हैं और जिले के लोगों को लड़वाकर पांच साल के लिए चली जाएंगी।
पीएम मोदी और सीएम योगी की भी कर चुके हैं प्रशंसा : हाल ही में विधायक राकेश सिंह ने लखनऊ में सदन में पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की थी। कहा था कि जिस तरह से पीएम मोदी और सीएम योगी लोगों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं, वे आज के युग के महात्मा हैं। उनके इस व्यवहार को लेकर काफी प्रतिक्रिया भी हुई थी। पार्टी के कई लोगों ने उनकी आलोचना की थी।