Congress President Election: कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव नजदीक है। इसे लेकर पार्टी में माहौल गर्माता जा रहा है। एक तरफ सांसद शशि थरूर ने सोनिया गांधी से मिलकर खुद के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की बात कही है। तो वहीं, 7 राज्यों ने प्रस्ताव जारी कर राहुल गांधी को फिर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने की मांग की है। हालांकि, राहुल पार्टी की कमान संभालने के लिए पहले ही इन्कार कर चुके हैं। इस पर हो रही एक टीवी डिबेट में एंकर के एक सवाल पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि गांधी परिवार जान भी दे दे, लेकिन आप लोग बाज नहीं आएंगे।
न्यूज 24 पर हो रही टीवी डिबेट में एंकर ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष कोई भी बने, लेकिन रिमोट कंट्रोल तो 10 जनपथ के पास ही रहेगा। इस पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि गांधी परिवार कुछ भी कर ले, अगर अपनी जान भी दे दे, लेकिन आप लोग आरोप लगाने से बाज नहीं आएंगे।
उन्होंने कहा, “हमें गर्व है कि हम परिवारवादी लोग हैं। हमें गर्व है कि गांधी परिवार हमारी सीमेंटिंग फोर्स है। यह कहने में हमें कोई आपत्ति नहीं है कि गांधी परिवार से बड़ा कोई परिवार नहीं है। जिस तरीके से उन्होंने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं, जवाहर लाल नेहरू से लेकर अब तक, वो अद्वितीय है इसमें कोई दो राय नहीं है। हम नागपुर परिवार की तरह नहीं चलते हैं।”
उन्होंने कहा कि पार्टी का अध्यक्ष एक कांग्रेसी ही होगा, चुनकर आएगा, नामित होकर नहीं आएगा। बता दें कि राहुल गांधी के कांग्रेस का अध्यक्ष बनने से इन्कार करने के बाद माना जा रहा है कि राजस्थान सीएम अशोक गहलोत और शशि थरूर के बीच चुनाव होगा।
शशि थरूर से मुलाकात में सोनिया गांधी ने साफ कर दिया कि जो चाहे वह चुनाव में हिस्सा ले सकता है, लेकिन वह किसी का समर्थन नहीं करेंगी और अध्यक्ष पद का चुनाव निष्पक्ष होगा। उधर, राहुल गांधी इस वक्त कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। यह यात्रा 5 महीनों तक चलने वाली है और इस दौरान कांग्रेस नेता कन्याकुमारी से लेकर जम्मू कश्मीर तक की यात्रा करेंगे।