लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाने के बाद देशभर में बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच राहुल के आरोपों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देना चाहिए। इतना ही नहीं थरूर ने कहा कि इलेक्शन कमीशन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का वीडियो रीट्वीट करते हुए सांसद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘ये गंभीर प्रश्न हैं जिन पर सभी दलों और सभी मतदाताओं के हित में गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। हमारा लोकतंत्र इतना कीमती है कि इसकी विश्वसनीयता को अक्षमता, लापरवाही या इससे भी बदतर, जानबूझकर छेड़छाड़ से नष्ट नहीं होने दिया जा सकता। इलेक्शन कमीशन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और देश को जानकारी देते रहना चाहिए।’
राहुल गांधी के महादेवपुरा विधानसभा सीट पर ‘वोट चोरी’ के आरोपों में कितना दम है?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान बेंगलुरु सेंट्रल सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वोटर फ्रॉड का पता चला है। एक पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिये उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा में एक लाख से ज्यादा वोट चुराए गए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘हमारे इंटरनल सर्वे से संकेत मिलता है कि हमें कर्नाटक में 16 सीटें जीतने की उम्मीद थी। हालांकि, हमने 9 सीटें जीतीं। फिर हमने हारी हुईं सीटों पर ध्यान दिया और महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र को चुना। हमारे पास जो भी डेटा है वह 2024 के चुनावों से है, जो चुनाव आयोग से मिला है। 2024 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने 6,58,915 वोट हासिल किए, 32,707 के अंतर से जीत हासिल की। हालांकि, महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में, कांग्रेस को 1,15,586 वोट मिले, जबकि बीजेपी को 2,29,632 वोट मिले। कांग्रेस ने इस एक को छोड़कर सभी विधानसभाओं में जीत हासिल की, जहां भाजपा ने 1,14,046 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। इस सीट ने उनकी चुनावी जीत में अहम योगदान दिया और लोकसभा परिणाम उनके पक्ष में गया। यह एक बहुत बड़ा फर्क है। इसलिए, हमने एक जांच शुरू की और पाया कि महादेवपुरा विधानसभा में कुल 6,50,000 वोटों में से लगभग 1,00,250 वोट चुराए गए थे।’ राहुल गांधी के प्रेसवार्ता से जुड़ी हर एक डिटले यहां पढ़ें…