कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इस महीने के अंत तक अपना लोधी रोड स्थित सरकारी बंगला छोड़ देंगी। प्रियंका अब हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर 42 में डीएलएफ अरालिया के घर में शिफ्ट होंगी। प्रियंका के करीबी सूत्रों ने बताया है कि वे अगले कुछ महीने गुरुग्राम में रहेंगी। फिलहाल वे राजधानी में ही किराए पर रहने के लिए घर देख रही हैं और जल्द ही इनमें से एक फाइनल कर लेंगी।

न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका को सुजन सिंह पार्क स्थित एक घर काफी पसंद आया है और इसमें रिपेयरिंग का काम भी जारी है। इस रिपेयरिंग वर्क में एक-दो महीने लगेंगे, तब तक प्रियंका गुरुग्राम स्थित घर में ही रहेंगी। रिपेयरिंग का काम पूरा हो जाने के बाद वे दिल्ली लौटेंगी।

बताया गया है कि प्रियंका के घर का सभी सामान अभी गुरुग्राम शिफ्ट कर दिया गया है और घर का सिक्योरिटी चेक भी पूरा हो चुका है। सीआरपीएफ ने प्रियंका के शिफ्ट होने की खबर मिलने के बाद ही घर में सुरक्षा पहरा बिठा दिया। बता दें कि प्रियंका को Z+ सुरक्षा मिली है। अब वे आधिकारिक मीटिंग के लिए अपनी मां और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का बंगला इस्तेमाल करेंगी।

इससे पहले 1 जुलाई को ही केंद्र सरकार के शहरी और आवास मामलों के मंत्रालय ने प्रियंका को 31 जुलाई तक सरकारी बंगला खाली करने के निर्देश दे दिए थे। इसके बाद से ही कहा जा रहा था कि प्रियंका लखनऊ में कौल निवास स्थित अपने रिश्तेदारों के घर में शिफ्ट हो जाएंगी। हालांकि, बाद में ये फैसला हुआ कि प्रियंका सिर्फ उत्तर प्रदेश के दौरे पर ही लखनऊ में रुकेंगी। यह घर ही 2022 के चुनाव तक उनका राजनीतिक बेस कैंप रहेगा।