Congress Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम में है। इसको लेकर काफी गहमगहमी बनी हुई है। कई कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिसमें कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का भी नाम शामिल है। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बुधवार को बीजेपी पर जमकर हमला बोला। कुमार ने कहा कि जो अंग्रेजों की तोपों से नहीं डरे, वो तुमसे (बीजेपी) से क्या डरेंगे।

कन्हैया कुमार ने बुधवार को पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में बाधाएं पैदा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला। कन्हैया ने कहा कि भाजपा “डर के कारण” ऐसा कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीजेपी की इन हरकतों से डरने वाली नहीं है।

कन्हैया की यह टिप्पणी असम में मंगलवार को पैदा हुए विवाद के एक दिन बाद आई है, जब पार्टी नेता राहुल गांधी को पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए नगांव जिले में एक मंदिर में जाने की अनुमति नहीं दी थी, जिसके कारण पार्टी कार्यकर्ताओं और राज्य पुलिस के बीच झड़प हुई थी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ के प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा, ‘जिस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस देश में अंग्रेजों को हराया हो, जो उनकी तोपों और फांसी से नहीं डरे और जो सालों तक जेल में रहे हों, वो लोग बेरिकेड्स से डर जाएंगे। हम कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और गांधी जी के रास्ते पर चलते हैं। हम हिंसा नहीं करेंगे और कानून नहीं तोड़ेंगे।’

कुमार ने कहा कि पिछले साल की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता ने सरकार को परेशान कर दिया था, जिससे उन्हें वर्तमान भारत जोड़ो न्याय यात्रा में “हस्तक्षेप” करना पड़ा। उन्होंने कहा, “जब देश के किसान, युवा, मजदूर और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो हमारी सुरक्षा किस काम की? हमारी यात्रा को रोकने के लिए हमारी अपनी सुरक्षा को एक बहाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।”

असम सीएम पर हमलावर होते हुए कन्हैया ने कहा, ‘इस देश के कई मुख्यमंत्री दिल्ली को खुश करने के लिए तुष्टिकरण के किसी भी स्तर तक गिरने के लिए तैयार हैं। जिसका नतीजा यह होता है कि हर बार किसी न किसी बहाने से यात्रा को रोकने की कोशिश की जाती है, फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। हम सरकार को बताना चाहते हैं कि कांग्रेसी फर्जी एफआईआर से परेशान नहीं होंगे।’

कांग्रेस की असम यात्रा के चरण से पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने “कानूनी कार्रवाई” की चेतावनी दी थी। मंगलवार की घटना के बाद सरमा ने कहा था कि गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले को लेकर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

घटनाओं के बाद असम पुलिस ने मंगलवार को राहुल गांधी, कन्हैया कुमार और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल पर हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले के आरोप में मामला दर्ज किया था।