कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ट्वीट कर हमला बोला है। उन्होंने तंज कसा कि 21.6 मिलियन फॉलोवर होने के बाद भी अरविंद केजरीवाल द्वारा शिक्षा व्यवस्था को लेकर किए गए ट्वीट पर मात्र 750 लोगों ने लाइक किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देखकर दुःख हो रहा है कि नेहरू जी द्वारा बनवाये गए IITs से कुछ ऐेसे भी झूठे और निकम्मे निकलें हैं और आज दिल्ली की सत्ता में बैठे हैं।
कांग्रेस नेता ने अरविंद केजरीवाल के ट्वीट का स्क्रीनशॉट्स लगाते हुए लिखा कि 21.6 मिलियन फॉलोवर में से झूठ के ख़रीदार मात्र 750 हैं। साथ ही उन्होंने केजरीवाल को झूठा और निकम्मा भी बताया। गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था कि पिछले 70 साल में दोनों राजनीतिक पार्टियों ने मिलकर षड्यंत्र के तहत इस देश के बच्चों को अनपढ़ रखा और देश के लोगों को गरीब रखा। इसीलिए पिछले 6 साल में दिल्ली में आई शिक्षा क्रांति ने इन दोनों पार्टियों की जड़ें हिला दी हैं।
बताते चलें कि हाल ही में दिल्ली सरकार की तरफ से साल 2021-2022 का बजट विधानसभा में पेश किया गया है। बजट में आम आदमी पार्टी की सरकार की तरफ से शिक्षा के बजट में 16,377 करोड़ रुपये आवंटित किए गये हैं। अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में कहा कि सरकार ने पिछले 6 साल में शिक्षा के क्षेत्र मे जो काम किया है वो शिक्षा क्रांति की तरह है।
केजरीवाल ने विधानसभा में कहा कि अब गरीबों के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिल रही है। गरीबों के बच्चे भी अंग्रेजी बोल रहे हैं। सरकारी स्कूलों के 98 प्रतिशत रिजल्ट आ रहे हैं। साथ ही बीजेपी और कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जो काम 6 साल में हो गए वो 70 साल तक क्यों नहीं हुए थे?
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दोनों ही पार्टियों ने मिलकर एक षड्यंत्र के तहत इस देश की शिक्षा व्यवस्था को खराब कर के रखा है। उन्होंने विधानसभा में आरोप लगाया कि दोनों ही दलों ने जानकर इस देश के लोगों को गरीब बनाकर रखा जिससे अमीरों को सस्ते में मजदूर मिल सके।