दिल्ली की दो प्रमुख पार्टियों- कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने बिहार विधानसभा में महागठबंधन की जीत पर जश्न मनाया पर भाजपा के दफ्तर और नेताओं के घरों पर सन्नाटा पसरा रहा। दिल्ली की राजनीति में आप का उदय ही कांग्रेस की कीमत पर हुआ है। आप जितनी ताकतवर होती गई, कांग्रेस उतनी कमजोर होती गई। लेकिन बिहार में भाजपा की अगुआई वाली राजग की हार पर दोनों ने जश्न मनाया। आप के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिहार में महागठबंधन की ऐतिहासिक जीत पर ट्वीट करके उसके नेता नीतीश कुमार को बधाई दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने बिहार में कांग्रेस समर्थित महागठबंधन की जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बधाई दी। बिहार की जनता ने देश में फैली सांप्रदायिक व भारत को धर्म व जाति के नाम पर बांटने वाली ताकतों के खिलाफ एक जनादेश दिया है। प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय में बिहार में महागठबंधन की जीत को लेकर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर कहा कि यह जरूरी है कि बिहार में भाजपा हारे ताकि उन्हें पता चल सके कि इस देश में नफरत की राजनीति काम नहीं करेगी।
‘कुछ पार्टियां काम कम करती हैं भाषण ज्यादा देते हैं,उनका बिहार जैसा हाल होता है @ArvindKejriwal #AAP4HealthyDelhi pic.twitter.com/sV3TTDzI6v
— Narendra Yadav (@INarendra7) November 9, 2015
लोग नफरत नहीं, प्यार और शांति चाहते हैं। बिहार में अपने समकक्ष नीतीश कुमार के लिए अपना समर्थन दोहराते हुए केजरीवाल ने राज्य के लोगों से उनके पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया था।
नतीजों के बाद अजय माकन ने कहा कि बिहार में कांग्रेस समर्थित महागठबंधन की न सिर्फ जीत हुई है बल्कि भाजपा समर्थित राजग सरकार की पूर्ण असफलता के खिलाफ बिहार की जनता ने अपना स्पष्ट जनादेश देकर देश में फैल रही असहिष्णुता व अराजकता के माहौल को नकार दिया है। माकन ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से मोदी ने सिर्फ खोखले भाषणों और झूठे वादों के अलावा कुछ नहीं किया और धीरे-धीरे देश की जनता समझने लगी है कि भाजपा देश में भाई-भाई को लड़ाने के अलावा कोई काम नहीं कर रही है।
माकन ने कहा कि बिहार की जीत धर्मनिरपेक्षता की जीत है क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा से सभी धर्मों, जातियों व संप्रदाय के लोगों का विकास किया है और यह विकास देश के गरीब व आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे, यह भी सुनिश्चित किया है। माकन ने कहा कि भाजपा की अगुआई वाली केंद्र सरकार ने डेढ़ वर्ष में देश में कोई ऐसी योजना नहीं बनाई जो गरीबों, किसानों, मध्यम वर्ग, पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों का विकास कर सके। सरकार सिर्फ कारपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने में व्यस्त है।