दिल्ली में शुक्रवार को ठंड काफी बढ़ गई। यहां बर्फीली हवाओं से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से शीतलहर को लेकर पीली चेतावनी जारी की गई है। राजधानी में नरेला 11 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से ठंड से बचाव के उपाय करने की हिदायत के लिए यह पीली चेतावनी दी है। वहीं, राजधानी में शुक्रवार को घना कोहरा छाने से दृश्यता घट कर 50 मीटर हो गई, जिससे रेल व हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, घने कोहरे के कारण सफदरजंग और पालम में दश्यता घटकर 50 मीटर रह गई।

आइएमडी के अनुसार, शून्य से 50 मीटर के बीच दृश्यता होने पर कोहरा बेहद घना माना जाता है। 51 से 200 मीटर दृश्यता के बीच घना 201 से 500 के मीटर दृश्यता के बीच मध्यम और 501 से 1000 के बीच दृश्यता होने पर कोहरे को हल्का माना जाता है। वहीं, शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से पांच डिग्री नीचे है।

मौसम विभाग ने शनिवार तक के लिए शीतलहर को लेकर पीली चेतावनी जारी की है। न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया गया तो औसत से एक नीचे है। मौसम विभाग ने चार दिन तक दिल्ली में घना से मध्यम कोहरा छाने का पूर्वानुमान लगाया है। हवा में नमी का स्तर अधिक होने के कारण वायु गुणवत्ता और खराब हो गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक गुरुवार शाम चार बजे 321 अंक पर था, जो शुक्रवार को 352 हो गया।

कश्मीर में भीषण ठंड के कहर के बीच अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात घाटी के अधिकतर इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। केवल उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग रिजार्ट में न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के मुकाबले तापमान अधिक दर्ज किया गया। वहां, तापमान शून्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले वहां तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस था। गुलमर्ग में लगातार छह दिन से न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे या उससे भी कम है।

उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं, दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 4.2 सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।