गृह मंत्रालय (MHA) ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और असम राइफल्स के सभी महानिदेशकों (D-Gs) को फोर्स में कर्मियों की कमी का डीटेल देने के लिए कहा है। इसके साथ ही उन्हें इन रिक्तियों को भरने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी देने का भी निर्देश दिया है।
पैरामिलिट्री में 83,000 से ज्यादा पद खाली
वर्तमान में अर्धसैनिक बलों में 83,000 से अधिक गैजेटेड ऑफिसर्स और फोर्स की कमी का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय की ओर से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), सशस्त्र सीमा बल (SSB) और असम राइफल्स (AR) के डीजी को पिछले सप्ताह एक पत्र भेजा गया था। 83,127 रिक्तियों में से देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ में 29,283 रिक्तियां हैं, इसके बाद बीएसएफ (19,987) और सीआईएसएफ (19,475) हैं। एसएसबी में 8,273, असम राइफल्स में 1,666 और आईटीबीपी में 4,443 पद खाली हैं।
सरकार की 2023 में भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने की योजना
फरवरी 2023 की शुरुआत में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा को सूचित किया था कि रिक्तियों को भरने के लिए सीएपीएफ में भर्ती मिशन मोड में की जा रही है। उन्होंने उच्च सदन को सूचित किया कि सरकार की 2023 में भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने की योजना है। गृह मंत्रालय ने साल 2023 के लिए बीएसएफ के कैडर अधिकारियों को आईपीएस कोटा से डीआईजी रैंक के अधिकारियों के 15 पदों के अस्थायी डायवर्जन के लिए बीएसएफ को एक पत्र भी भेजा।
बलों में महिलाओं की संख्या 4 फीसदी से भी कम
गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि 32,181 व्यक्तियों की भर्ती जुलाई 2022 से जनवरी 2023 के बीच की गई है। इसके अलावा 64,444 रिक्तियां अधिसूचित की गई हैं और ये भर्ती के विभिन्न चरणों में है। इन बलों में महिलाओं की संख्या 4 फीसदी से भी कम है। गृह मंत्रालय के आंकड़ों पर नजर डालें तो अर्धसैनिक बलों में एक जनवरी 2023 तक के अनुसार महिलाओं की संख्या 35,074 है, जो सिर्फ 3.82 फीसदी है। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि अर्धसैनिक बलों में महिलाओं की संख्या बढ़ाने के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक साल 2022 में महिलाओं की भर्ती के लिए अधिसूचित रिक्तियों की संख्या 3048 है।