संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे इतिहासकार रामचन्द्र गुहा समेत बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गुरुवार को हिरासत में लिया।गुहा को पुलिस ने एक मीडिया चैनल के साथ बातचीत करने के दौरान इंटरव्यू के बीच में ही हिरासत में ले लिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। राज्य के हुबली, कलबुर्गी, हासन, मैसूरु और बेल्लारी सहित राज्य के तमाम हिस्सों में प्रदर्शन हुए। पुलिस ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में इन लोगों को गिरफ्तार किया। टाउन हॉल में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन करने को लेकर प्रख्यात इतिहासकार रामचन्द्र गुहा सहित अन्य लोगों को पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया।
हिरासत में लिए जाने पर गुहा ने कहा कि यह ‘‘बिल्कुल अलोकतांत्रिक है’’ कि पुलिस शांतिपूर्ण तरीके से भी प्रदर्शन नहीं करने दे रही है, जबकि यह नागरिकों का मौलिक अधिकार है। पुलिसकर्मी गुहा को अपने साथ पास में ही खड़े वाहन तक ले कर गए।बायोकॉन की चेयरपर्सन एवं प्रबंध निदेशक किरण मजूमदार शॉ ने पुलिस की कार्रवाई पर आश्चर्य जताया है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार भाजपा शासित राज्य में सीएए और एनआरसी को ‘‘100 प्रतिशत’’ लागू करेगी।येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘मैं अल्पसंख्यक मुसलमान भाइयों से अनुरोध करता हूं कि इस कानून का आपके ऊपर कोई कुप्रभाव नहीं होगा, आपके हितों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। कृपया सहयोग करें, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखें।’’ संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘हमने कानून के पक्ष या विपक्ष में कोई प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है, धारा 144 लागू है। किसी को इस संबंध में कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं करना चाहिए और सभी को शांति बनाए रखनी चाहिए… पुलिस मामलों की निगरानी कर रही है।’’
एनडीटीवी से बातचीत के बीच में ही रामचंद्र गुहा को पुलिस ने हिरासत में लिया#RamchandraGuha pic.twitter.com/Td5lP2SBjK
— NDTV Videos (@ndtvvideos) December 19, 2019
येदियुरप्पा ने सुबह पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।प्रशासन ने बुधवार से ही बेंगलुरु सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में धारा 144 लगाई है। यह 21 दिसंबर तक के लिए प्रभावी है।
वहीं,चेन्नई में अभिनेता एवं मक्कल नीधि मैयम प्रमुख कमल हासन ने गुहा और स्वराज अभियान के प्रमुख योगेन्द्र यादव को हिरासत में लिए जाने की कटु आलोचना की। हासन ने ट्वीट किया है कि वह गुहा और यादव को गिरफ्तार करके सत्याग्रह की आग को भड़काने के लिए सरकार की मुर्खता पर तालियां पीट-पीटकर हंस रहे हैं। उन्होंने लिखा है, ‘‘लेकिन मैं उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं। भारत आपके साथ है।’’ गुहा को हिरासत में लिए जाने पर कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि केन्द्र सरकार देश के प्रतिष्ठित इतिहासकार से डर गई है।
(भाषा इनपुट्स के साथ)

