Badlapur Encounter: बदलापुर एनकाउंटर पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने कई सवाल उठाए हैं। हाई कोर्ट ने पूछा कि आरोपी के सिर पर गोली कैसे लगी, जबकि पुलिस को इसकी ट्रेनिंग दी जाती है कि गोली कहां चलानी है। कोर्ट ने आगे कहा कि पुलिस को हाथ या पैर पर गोली चलानी चाहिए थी।
कोर्ट ने कहा कि पीछे चार पुलिसवाले थे, फिर कैसे संभव है कि वे एक कमजोर आदमी को काबू न कर पाएं, वो भी गाड़ी के पिछले हिस्से में। आरोपी के आगे दो पुलिसवाले और बगल में दो पुलिसकर्मी ते।
बॉम्बे हाई कोर्ट एनकाउंटर में मारे गए अक्षय के पिता अन्ना शिंदे की याचिक पर सुनवाई कर रहा था। जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके बेटे को फर्जी मुठभेड़ में मारा गया है। उन्होंने कहा था कि इस मामले में सभी छह आरोपी फरार हैं। उनके बेटे पर झूठा आरोप लगाया गया और वो राजनीति का शिकार हो गया।
बदलापुर केस के आरोपी अक्षय शिंदे के पिता ने मंगलावर को बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पिता ने आरोप लगाया कि बदलापुर मामले में सबूत मिटाने के लिए उनके बेटे की हत्या कर दी गई। पिता की याचिका पर आज हाई कोर्ट में सुनवाई हुई।
याचिका में अक्षय के पिता अन्ना शिंदे ने कहा कि इस मामले में छह आरोपी अभी भी फरार हैं और वे भी समान रूप से जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा था कि बेटे पर झूठा आरोप लगाया गया और वो राजनीति का शिकार हुआ।
अन्ना शिंदे ने वकील अमित कटरनवारे के जरिए दायर अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि उनके बेटे की हत्या ‘फर्जी मुठभेड़’ में की गई। वकील कटरनवारे ने कहा कि आरोपी उस समय हिरासत में था, जब उसे फर्जी मुठभेड़ में गोली मार दी गई। यह वर्दीधारी अपराधियों द्वारा की गई निर्मम हत्या है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिंदे को सोमवार शाम को उसकी पूर्व पत्नी की शिकायत पर उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के संबंध में नवी मुंबई की तलोजा जेल से बदलापुर ले जाया जा रहा था, तभी गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने दावा किया था कि मुंब्रा बाईपास के पास शिंदे को उस समय मार गिराया गया था, जब उसने एस्कॉर्ट टीम में शामिल एक पुलिसकर्मी की बंदूक कथित तौर पर छीन ली थी। पुलिस ने दावा किया कि एक सहायक पुलिस निरीक्षक को गोली मारने के बाद दूसरे अधिकारी ने उस पर गोली चलाई और उसे कलवा सिविल अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) शिंदे की मौत की जांच करेगा।
अक्षय शिंदे पर यौन उत्पीड़न का था आरोप
अक्षय शिंदे (24) पर ठाणे जिले के बदलापुर के एक स्कूल में दो नाबालिग लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप था। स्कूल में संविदा सफाईकर्मी शिंदे को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद राज्य में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे।