अपने विवादित बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहने वाले उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। साक्षी महाराज ने आंदोलनकारी किसानों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि या तो वे आतंकी हैं या खालिस्तानी। साथ ही साक्षी महाराज ने किसान नेता राकेश टिकैत पर भी कई तरह के आरोप लगाए हैं। 

राजस्थान के सीकर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने आंदोलनकारी किसानों को लेकर कहा कि वो किसान हैं ही नहीं, वो या तो आतंकी हैं या खालिस्तानी हैं या दलाल हैं। आगे उन्होंने किसान नेता राकेश टिकैत पर राजनीति करने का आरोप लगाया। साक्षी महाराज ने कहा कि राकेश टिकैत 2014 में हमारे प्रत्याशी के सामने लोकदल के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें 9000 वोट भी नहीं मिल पाए। लेकिन अब अपनी जमीन तलाशने के लिए किसान आंदोलन में शामिल हो गए हैं। इसमें उनको राजस्थान और पंजाब की कांग्रेस सरकार का सहयोग भी मिल रहा है।

इसके अलावा साक्षी महाराज ने कहा कि देश भर में किसान हैं। किसान आज अपने खेतों में काम कर रहा है लेकिन दिल्ली के बॉर्डरों पर केवल तमाशा हो रहा है। साथ ही साक्षी महाराज ने कहा कि जब हमारे कृषि मंत्री ने किसान नेताओं से यह पूछा कि इस कानून में काला क्या है तो वे लोग ये भी नहीं बता पाए कि इसमें काला क्या है।

आगे साक्षी महाराज ने कहा कि अब विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं रहा गया है। इसलिए अब जल्दी ही सारा विपक्ष देश से समाप्त होने वाला है। अब थोड़े दिनों में देश की जनता कांग्रेस को विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं छोड़ेगी। 

हालांकि जब उनसे तेल के बढ़े हुए दामों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान में अंदर जाकर हमला किया, चीन को हमने खदेड़ दिया, मोदी जी ने कश्मीर से 370 हटा दिया। इस ओर किसी का ध्यान क्यों नहीं जाता है। इस देश में बहुत कुछ पहली बार हुआ है। इससे सिद्ध होता है कि मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी वोट की बजाय राष्ट्र की राजनीति करते हैं।