मध्य प्रदेश में मंदसौर से भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता ने वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने शनिवार (15 फरवरी, 2020) को कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विवाह को भी मुद्दा बनाया। भाजपा नेता ने कहा कि देश पहले से ही विदेशी महिला (राहुल गांधी) से पैदा हुए किसी व्यक्ति के प्रतिकूल प्रभावों का सामना कर रहा था, जो देश के राजकाज में हस्तक्षेप कर रहा था। भारत इसका दुष्परिणाम भी देश देख रहा है।’ उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो विदेशी महिला की कोख से पैदा हुए, उन्हें सरकार पर उंगली नहीं उठानी चाहिए।
इस बीच जब भाजपा नेता से पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े राहुल गांधी के ट्वीट पर सवाल पूछा तो उन्होंने जवाब दिया, ‘ऐसे समय में जब पूरे देश ने पुलवामा हमले में मारे गए बहादुर जवानों के बलिदान को याद किया, राहुल गांधी ने बेशर्मी से नृशंस हमले के बारे में सवाल उठाए। हमें शर्म आती है कि राहुल हमारे बीच से हैं।’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पुलवामा हमले की बरसी पर शहीद जवानों को याद किया और सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर इस हमले का सबसे ज्यादा फायदा किसे हुआ, इसकी जांच में क्या निकला और सरकार में किस व्यक्ति को जवाबदेह ठहराया गया।
गांधी ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर वाले ताबूतों की तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘आज जब हम पुलवामा हमले में शहीद हुए 40 जवानों को याद कर रहे हैं तो हमें यह पूछना है कि इस हमले से सबसे ज्यादा फायदा किसको हुआ?’ उन्होंने यह सवाल भी किया, ‘हमले की जांच में क्या निकला? हमले से जुड़ी सुरक्षा खामी के लिए भाजपा सरकार में अब तक किसको जवाबदेह ठहराया गया है?’
बता दें कि इसी कार्यक्रम में सुधीर गुप्ता ने चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी और उनके सहयोगी रणदीप सिंह सुरजेवाला कहते हैं कि पुलवामा आतंकी हमले से किसी फायदा हुआ?’ उन्होंने कहा, ‘हम यह भी सवाल कर सकते हैं कि एक इटालियन महिला और भारतीय व्यक्ति (राजीव गांधी-सोनिया गांधी की शादी) के बीच विवाह से किसे लाभ हुआ, कम से कम देश ने एंटोनियो के साथ विवाह से लाभ नहीं उठाया।’ राजीव गांधी से शादी करने से पहले सोनिया गांधी का नाम एंटोनियो माइनो था।
भाजपा नेता ने आगे कहा, ‘हम ये भी सवाल उठा सकते हैं, उस विवाह का निष्कर्ष क्या था, क्योंकि उस विवाह का निष्कर्ष राहुल गांधी हैं। इसके अलावा, यह सवाल किया जा सकता है कि उस चूक के लिए कौन जिम्मेदार है।’ उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए सेना के काफिले पर हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे।