भाजपा ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को आगामी असम विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया है जबकि प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेन्द्र सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने असम के अलावा तमिलनाडु और केरल तथा केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के लिए भी चुनावी प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी को तमिलनाडु का प्रभारी बनाया गया है। गाजियाबाद के सांसद और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।

केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी केरल के प्रभारी होंगे, जबकि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री अश्वथ नारायण उनके साथ यहां के सह-प्रभारी होंगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को पुडुचेरी का चुनाव प्रभार सौंपा गया है। उनके साथ राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव चंद्रशेखर सह-प्रभारी होंगे।

इन चारों राज्यों में पश्चिम बंगाल के साथ ही अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनावों से पहले भाजपा की ओर से हर राज्य में एक प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त करने की परंपरा रही है।

इस बीच पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और हाल में सत्तारूढ़ दल छोड़ भाजपा में शामिल हुए राजीब बनर्जी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर राजनीति फायदे के लिए क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। इससे राज्य के लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राजनीतिक मजबूरी की वजह से केंद्र सरकार से लड़ रही है। उन्होंने दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “(टीएमसी द्वारा) क्षेत्रवाद की अजीब आग फैलाई जा रही है। यह सांप्रदायिकता से भी ज्यादा खतरनाक है।” राजीब बनर्जी ने कहा, “बंगाल के भी लड़के और लड़कियां पढ़ाई और काम के सिलसिले में अन्य राज्यों में हैं।” टीएमसी अक्सर भाजपा को “बाहरी लोगों की पार्टी” बताती है।