स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश भर में कार्यक्रम आयोजित हुए लेकिन कई जगहों पर तिरंगे की अपमान को लेकर राजनीति गर्म हो गयी है। मध्यप्रदेश में भाजपा दफ्तर में तिरंगा के ऊपर बीजेपी का झंडा लहराता देखा गया। वहीं केरल में सीपीआईएम पर राष्ट्र ध्वज के बराबरी पर पार्टी का झंडा फहराने का आरोप लगा है।
पूरे मामले पर विपक्षी दल कांग्रेस ने दोनों ही दलों पर जमकर हमला बोला है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तिरंगे का अपमान कर रही है। भाजपा का झंडा ऊपर और तिरंगा नीचे। इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है? कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि भाजपा और कांग्रेस में क्या अंतर है? भाजपा – पार्टी आगे देश पीछे। कांग्रेस – देश पहले पार्टी पीछे।
पार्टी के विधायक विपिन वानखड़ें ने कहा कि कुछ ही दिन पूर्व आगर में भाजपा नेता ने भारत माता का फोटो फाड़कर अपमान किया था और आज फिर भाजपा द्वारा राष्ट्रध्वज से ऊपर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लगाकर राष्ट्र विरोधी कार्य किया है…. जिसे आगर की जनता बिल्कुल भी बर्दाश्त नही करेगी।
वहीं केरल में भी तिरंगा को लेकर विवाद जारी है। जहां सत्ताधारी दल सीपीआईएम पर तिरंगे के बराबर में पार्टी ध्वज को फहराने का आरोप लगा है वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन के खिलाफ राज्य की राजधानी में स्थित पार्टी कार्यालय में कथित तौर पर उल्टा तिरंगा फहराने के मामले में केस दर्ज किया है।
बताते चलें कि दुनियाभर में रविवार को उत्साह से भरे भारतीयों ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया और इस मौके पर राष्ट्रगान गाया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत कई नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। बाइडन ने भारत के साथ मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की बात भी दोहरायी। चीन, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, रूस, इजराइल, श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल समेत दुनियाभर में भारतीय मिशन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।