केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज तृणमूल कांग्रेस नीत राज्य सरकार पर राहत कार्यों में ‘‘आपराधिक लापरवाही’’ बरतने के आरोप लगाए और कहा कि वह पूर्ववर्ती वाम मोर्चा की सरकार के साथ ‘‘भ्रष्टाचार की प्रतियोगिता’’ में शामिल है जिसके चलते फ्लाईओवर गिर गया।
नकवी ने यहां कहा, ‘‘मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस तुच्छ राजनीति में शामिल हैं और पूर्ववर्ती वाम मोर्चा की सरकार पर आरोप लगा रही हैं। यह समय पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगाने का नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर पूर्ववर्ती वाम मोर्चा की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त थी तो तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने सत्ता में आने के बाद इसे क्यों नहीं रोका? लगता है कि दोनों के बीच भ्रष्टाचार की प्रतियोगिता चल रही है। और फ्लाईओवर का ढहना इसी का परिणाम है।’’ संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि राज्य सरकार राहत कार्य कराने में गंभीर नहीं है। अगर वे ज्यादा सक्रिय होते तो राहत कार्य काफी पहले शुरू हो जाता। यह राज्य सरकार की तरफ से आपराधिक लापरवाही का स्पष्ट मामला है।’’
फ्लाईओवर के ढहने के मामले में मरने वालों की संख्या आज बढ़कर 24 हो गई क्योंकि कंक्रीट के मलबे और लोहे के खम्भों के नीचे से तीन और शव निकाले गए। निर्माणाधीन विवेकानंद फ्लाईओवर का करीब 60 मीटर का हिस्सा कल ढह गया था। नकवी ने घटना की सीबीआई जांच की मांग को दोहराया था।