सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दावा किया है कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से सरकार ने हर दिन दो कॉलेज स्थापित किए हैं। भाजपा ने यह जानकारी ट्वीट कर दी है। हालांकि ये आंकड़े प्रशासन द्वारा प्रकाशित आंकड़ों से बिलकुल लगा हैं।

आंकड़ों के मुताबिक ऐसा तभी हो सकता है जब देश की सभी राज्य सरकार और निजी संस्थानों द्वारा स्थापित सभी कॉलेजों का श्रेय मोदी सरकार को दिया जाये। भाजपा ने मंगलवार को ट्वीट किया, “उच्च शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए, मोदी सरकार ने 2014 से हर दिन दो कॉलेज स्थापित किए। पहले फोरेंसिक विश्वविद्यालय और रेल और परिवहन विश्वविद्यालय की भी स्थापना की।”

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के एक सर्वेक्षण से पता चलता है कि केंद्र ने 30 सितंबर, 2013 और 30 सितंबर, 2019 के बीच केवल 72 उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना की है। जिसमें पांच केंद्रीय विश्वविद्यालय और 67 राष्ट्रीय महत्व के संस्थान (आईएनआई) शामिल है।

26 मई, 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद से 30 सितंबर, 2019 तक 1,953 दिन होते हैं। ऐसे में इस अवधि के भीतर एक दिन में दो कॉलेजों की दर से मोदी सरकार को अबतक 3,906 कॉलेज स्थापित करने चाहिए थे।

बता दें उच्च शिक्षा पर अखिल भारतीय सर्वेक्षण (Aishe) हर साल आयोजित किया जाता है। यह रिपोर्ट देश में उच्च शिक्षा की वर्तमान स्थिति पर प्रमुख प्रदर्शन संकेतक प्रदान करती है। यह सर्वे किसी विशेष वर्ष के लिए 30 सितंबर तक के आंकड़े देता है। उदाहरण के लिए, वर्ष 2013-14 के आंकड़े 30 सितंबर, 2013 तक की स्थिति का वर्णन करते हैं।

भाजपा के इस ट्वीट पर यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। शाह फाहाद नाम के एक यूजर ने लिखा, “पहले यूनिवर्सिटी तो खोल दो ये प्रचार बाद में कर लेना। डेढ़ साल से ज़्यादा हो गया सभी कॉलेज और यूनिवर्सिटी बंद पड़ी हुई हैं।”

एक अन्य यूजर ने लिखा, ” इस हिसाब से वो दिन दूर नहीं जब हर छात्र के पास अपना एक कॉलेज होगा। वाह मोदीजी वाह।” कुणाल नाम के एक यूजर ने लिखा, “ये सरकार अफीम पर ज़िंदा है। कहीं भी कुछ भी बोल देती है।”