उत्तर प्रदेश के 2022 चुनाव में राज्य की जनता के बीच पैठ जमाने के लिए बीजेपी ने छह यात्राएं निकालने का फैसला किया है। पार्टी के ट्विटर पर लिखा गया-भारतीय जनता पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश स्तर पर 6 यात्राएं लेकर यूपी की जनता के बीच जाएगी। कार्यकर्ताओं के दम पर और जनता के आशीर्वाद से भाजपा 300+ सीटों के साथ एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है…।
सूत्रों का कहना है कि राज्य में निकाली जाने वाली इन यात्राओं का फैसला भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को हुई कार्ययोजना बैठक में लिया गया है। बैठक में योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉक्टर दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री और विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान शामिल हुए। इसमें फैसला लिया गया कि पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश स्तर पर 6 यात्राएं लेकर यूपी की जनता के बीच जाएगी।
बीजेपी की रथ यात्रा यूपी के हर जिले से गुजरेगी। यात्राएं अवध, काशी, गोरखपुर, बृज, पश्चिम और बुंदेलखंड क्षेत्र से निकाली जाएगी। बड़े नेता यात्राओं के जरिए सरकार की योजनाओं को जनता को बताएंगे। इन रथयात्राओं में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री भी शामिल होंगे।
भारतीय जनता पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश स्तर पर 6 यात्राएं लेकर यूपी की जनता के बीच जाएगी।
कार्यकर्ताओं के दम पर और जनता के आशीर्वाद से भाजपा 300+ सीटों के साथ एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है…
भारत माता की जय pic.twitter.com/klNy07xRsj
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) November 30, 2021
भाजपा की दूरबीन के ढोल सुहावने हैं
लेकिन असलियत में यूपी में अपराध के आंकड़े डरावने हैं।मुख्यमंत्री के क्षेत्र में कानून व्यवस्था अपराधियों के सामने सरेंडर है, बाकी प्रदेश का हाल आप समझ सकते हैं। pic.twitter.com/HBhe9czXV5
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 30, 2021
सूत्रों का कहना है कि पीएम का अगले सप्ताह यूपी का दौरा प्रस्तावित है। गोरखपुर के साथ वो बनारस में आयोजित होने वाले प्रोग्राम में शिरकत करेंगे। उसके बाद से ही यात्राओं का आगाज किए जाने की संभावना है। संभावना है कि यात्राओं के समापन पर बीजेपी लखनऊ में बड़ी रैली करेगी।
उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मंगलवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपराध के आंकड़े इस सरकार की हकीकत को बयां करते हैं। उन्होंने गोरखुपर में पिछले कुछ दिनों के दौरान हत्या की कुछ घटनाओं से जुड़ी खबर को लेकर ट्वीट किया कि भाजपा की दूरबीन के ढोल सुहावने हैं, लेकिन असलियत में यूपी में अपराध के आंकड़े डरावने हैं। प्रियंका गांधी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र में कानून व्यवस्था अपराधियों के सामने सरेंडर है, बाकी प्रदेश का हाल आप समझ सकते हैं।