अजय पांडेय

बिहार में राजद-कांग्रेस गठबंधन में लोजपा को शामिल किए जाने के खिलाफ है कांग्रेस: बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) प्रमुख व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के साथ जाने से गुरेज नहीं है, लेकिन वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दूसरे घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी और इसके मुखिया रामविलास पासवान से किसी किस्म के चुनावी गठबंधन करने को तैयार नहीं है। पार्टी का यह मानना है कि यदि कुशवाहा राजग छोड़कर कांग्रेस-राजद गठबंधन की ओर आते हैं तो पार्टी उनका स्वागत करेगी लेकिन पासवान का साथ उसे मंजूर नहीं है।कांग्रेस के बिहार प्रभारी सचिव राजेश लिलोठिया का कहना है कि आखिर कांग्रेस और राजद का गठबंधन पासवान परिवार की बैसाखी क्यों बने। उन्होंने कहा कि बिहार के अलग-अलग हिस्सों में घूमने के बाद वे बिल्कुल नहीं मानते कि केंद्रीय मंत्री पासवान पूरे सूबे के पासवान समाज के नेता हैं क्योंकि उन्होंने अपने परिवार के अलावा किसी अन्य की ओर देखना तक जरूरी नहीं समझा।

लोकसभा चुनाव में राजग में सीटों के बंटवारे में उपेक्षा से रालोसपा नेता कुशवाहा नाराज बताए जा रहे हैं। उन्होंने राजद अध्यक्ष तेजस्वी यादव से हाल ही में मुलाकात की और सोमवार को दिल्ली में वे शरद यादव से भी मिले। हालांकि उनके निशाने पर भाजपा से ज्यादा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जद (एकी) है। वे लगातार नीतीश पर निशाना साध रहे हैं और उनकी ओर से यह संकेत लगातार दिया जा रहा है कि यदि उन्हें सम्मानजनक सीटें नहीं मिलीं तो वे नई राह पकड़ सकते हैं। नीतीश के खिलाफ उनके अभियान में परोक्ष रूप से उन्हें रामविलास पासवान का समर्थन भी मिलता हुआ दिख रहा है क्योंकि बिहार में भाजपा व जद (एकी) के बीच बराबर बराबर सीटों के बंटवारे के एलान के बाद लोकजनशक्ति पार्टी में भी असंतोष के स्वर सुनाई दे रहे हैं।

बिहार में गठबंधन को लेकर लिलोठिया ने कहा कि कांग्रेस व राजद पहले से ही गठबंधन में हैं। किसी अन्य दल को इस गठबंधन में शामिल किए जाने को लेकर अभी तक कोई बात हुई नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां तक केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को इस गठबंधन में शामिल करने का सवाल है तो यदि वे राजग को छोड़कर हमारे साथ आते हैं तो कांग्रेस उनका स्वागत करेगी लेकिन लोकजनशक्ति पार्टी से किसी भी गठबंधन के कांग्रेस सख्त खिलाफ है। उन्होंने बताया कि इस बारे में पार्टी हाईकमान के सामने भी अपनी बात रख दी है।