बिहार चुनाव से पहले भाजपा ने राजद नेता तेजस्वी यादव को एक बड़ा झटका दिया है। पार्टी ने बिहार के बांका से सांसद रहीं पुतुल सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह को पार्टी में शामिल करने में सफलता हासिल कर ली है। इससे पहले श्रेयसी सिंह के राजद में शामिल होने की बात कही जा रही थी।

खबर थी कि तेजस्वी यादव खुद शूटर श्रेयसी सिंह के संपर्क में थे। श्रेयसी रविवार को केंद्रीय कार्यालय में भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की मौजदूगी में पार्टी में शामिल हुईं। इस दौरान उनकी मां भी मौजूद थीं। भाजपा में शामिल होने के बाद यह तय हो गया है कि श्रेयसी सिंह इस बार विधानसभा चुनाव में पार्टी की तरफ से उम्मीदवार होंगी। जानकारों का मानना है कि श्रेयसी अमरपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।

श्रेयसी सिंह मूल रूप से बिहार के जमुई जिला अंतर्गत गिद्धौर की रहने वाली हैं। श्रेयसी के पिता स्व. दिग्विजय सिंह बिहार के बांका से सांसद रहने के साथ ही केंद्र में मंत्री भी रहे।  1994 में समता पार्टी को खड़ा करने में नीतीश के साथ ही दिग्विजय सिंह का भी महत्वपूर्ण योगदान था। 1999 में लोकसभा चुनाव जीत कर दिग्विजय सिंह अटल बिहार वाजपेयी की सरकार में 1999 से 2001 तक रेल राज्य मंत्री रहे। इसके बाद उन्हें विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री का भी प्रभार दिया गया।

साल 2009 में पिता के असामयिक निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनकी मां पुतुल सिंह ने जीत हासिल की थी। हालांकि पुतुल सिंह 2014 में लोकसभा चुनाव हार गई थीं। पुतुल सिंह पहले भाजपा में ही थी लेकिन 2019 में बांका सीट जदयू के खाते में आई तो उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था।

इस पर पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। मां पुतुल सिंह के चुनाव लड़ने के दौरान श्रेयसी उनकी चुनाव कैंपेनिंग का काम देखती थीं।  अर्जुन पुरस्कार विजेता श्रेयसी सिंह निशानेबाजी में 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। इससे पहले साल 2014 में उन्होंने डबल ट्रैप शूटिंग में ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था। वह 2013 में मेक्सिको में हुए शूटिंग वर्ल्ड कप में श्रेयसी बिहार की पहली बेटी हैं जिन्हें अर्जुन पुरस्कार मिला है।