Congress Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस इन दिनों ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर है। यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी। 3570 किलोमीटर की यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए आराम के लिए कंटेनर बनाए गए हैं। वे 150 दिनों तक इसी कंटेनर में रहेंगे। बीजेपी ने राहुल गांधी के कंटेनर में अत्याधुनिक सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए हैं।

जिसको लेकर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कुमार ने कहा कि जिस डीजल से कंटेनर चल रहा है, उस पर बीजेपी बात क्यों नहीं करती। बीजेपी बताए कि जिस डीजल से कंटेनर चल रहा है, उसका दाम क्या है।

कन्हैया कुमार ने कहा कि अगर यात्रा पर चर्चा होगी तो महंगाई और बेरोजगारी पर चर्चा होगी। देश के भीतर जो सार्वजनिक संपत्तियों की लूट और जो उनके (पीएम मोदी) करीबी दोस्तों को झूठ मिल रही है, उस पर चर्चा होगी। हमको हर चीज पर जीएसटी देनी पड़ती है और मोदी जी के दोस्तों को टैक्स पर छूट मिलती है उस पर चर्चा होगी।

कुमार ने कहा कि यात्रा के माध्यम से इस पर भी चर्चा होगी कि अपने ही देश में अपने लोगों को आपस में कैसे लड़ाया जा रहा है। उनको बांटा जा रहा है। हम सब भारतीय हैं। हम सौ परसेंट हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी 80 और 20 करती है। पीएम मोदी श्मशान और कब्रिस्तान की बात करते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी बहाने ही सही, कम से कम देश की जनता को पता चलेगा कि उनके हक और अधिकार के लिए हम लोग सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो का मतलब है कि भाषा, ग्रंथों, पुराणों, परंपराओं और संस्कृतियों समेत भारत की पूरी विविधता को एकता के बंधन में पिरोना। कुमार ने कहा कि हम चाहते हैं कि देश में रहने वाले 135 करोड़ लोगों के हक-अधिकार की बात हो।

बता दें, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के पहले दिन कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि भारत को आज सांस्कृतिक तरीके से कमजोर किया जा रहा है। अमीर और गरीब के बीच खाई बढ़ रही है। बीजेपी के जो दो करीबी मित्र हैं, उनका लाखों-करोड़ों का टैक्स माफ किया जा रहा है। जबकि जो आम जनता है उसको दूध, दही और मक्खन पर भी टैक्स देना पड़ रहा है। बीजेपी ने हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी।